अलवर

उफ ये गर्मी! पारा 40 के पार, गर्म हवा ने लोगों को झुलसाया

लगता है गर्मी इस बार अपना रौद्र रूप दिखाकर ही मानेगी। अप्रेल अभी बीता भी नहीं है और प्रदेशभर में गर्मी भीषण हो चली है। कई इलाकों में तो दिन का पारा 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।

2 min read
Apr 25, 2026
Feature image

लगता है गर्मी इस बार अपना रौद्र रूप दिखाकर ही मानेगी। अप्रेल अभी बीता भी नहीं है और प्रदेशभर में गर्मी भीषण हो चली है। कई इलाकों में तो दिन का पारा 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। रात को भी तापमान 25 से 30 डिग्री से. के बीच बना हुआ है। यही हाल रहा तो मई और जून में तो घरों से निकलना मुश्किल होने वाला है। मौसम विभाग पहले ही साफ कर चुका है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर तेज होगा। इससे साफ है कि रात को भी लू चलेगी।
अलवर जिले में भी गर्मी के हाल खराब हैं। हालत यह है कि सुबह सूर्योदय के कुछ देर बाद ही धूप इतनी तेज हो चली है कि लोग बाहर निकलने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे हैं। दोपहर में तो गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों के चेहरे का हुलिया ही बिगाड़ दिया है। लोग घर और दफ्तरों में ही कैद हैं। शाम को भी गर्मी से सुकून नहीं मिल पा रहा है। हालांकि मध्य रात्रि बाद जरूर मौसम थोड़ा सही है, लेकिन आने वाले दिनों में पारा चढ़ा तो रात को भी सोना मुश्किल होगा। गौरतलब है कि तेज गर्मी की वजह से जिला कलक्टर ने स्कूलों के समय में भी परिवर्तन कर दिया है। प्री प्राइमरी से कक्षा 8 तक के बच्चों के स्कूल का समय अब ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने तक सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया है।
दिनभर लू के थपेड़े
जिले में शनिवार को भी गर्मी तेज रही। बादलों की आवाजाही के कारण उमस का जोर रहा, लेकिन धूप ने लोगों को झुलसाया। पारा 40 डिग्री से. से ज्यादा रहा। यही वजह रही कि दोपहर के वक्त सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही।
गर्मी से बचने के उपाय
-दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें
-पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ और नींबू पानी का सेवन करें
-हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें
-धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें
-बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
-लू के लक्षण (चक्कर, उल्टी, तेज बुखार) दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

Published on:
25 Apr 2026 04:25 pm