अलवर

Video : राजस्थान के एक शहर में अपहरणकर्ताओं को उठाना था किसी और बच्चे को, उठा लिया दूसरे बच्चे को

गलती से दूसरा बच्चा उठाने का पता चलने पर बदमाश बच्चे को कस्बे में छोड़ कर चले गए। घटना से मोहल्ले के लोगों में दहशत बनी हुई है।
2 min read
Sep 03, 2017
Child kidnapping in behror alwar
Child kidnapping in behror alwar

बहरोड़. अलवर.

कस्बे के कबाड़ी मोहल्ले से शुक्रवार शाम को रास्ता पूछने के बहाने कार सवार दो जनों ने एक बालक का अपहरण किया। गलती से दूसरा बच्चा उठाने का पता चलने पर बदमाश बच्चे को कस्बे में छोड़ कर चले गए। घटना से मोहल्ले के लोगों में दहशत बनी हुई है। वहीं, पुलिस मामले को लेकर टालमटोल का रवैया अपना रही है।

कस्बे के कबाड़ी मोहल्ला निवासी अनिल कुमार के दस वर्षीय पुत्र शनिदेव ने अपनी जुबानी घटना बताते हुए बताया कि वह रोजाना की तरह मोहल्ले में खेल रहा था। शुक्रवार शाम ७ बजे के लगभग कार में सवार होकर दो जने आए, जिन्होंने मुंह पर रुमाल बांध रखा था। उससे खेल मैदान का रास्ता पूछा। जब वह बताने लगा तो उन्होंने उसको रुमाल सुंघा दिया और कार में पटक लिया। उसे थोड़ी बेहोशी सी होने लगी। इसी दौरान कार सवार बदमाशों के पास फोन आया कि बच्चा उठा लिया क्या?

उन्होंने कहा कि हां, उठा लिया। उसके कपड़ों और हुलिया के बारे में पूछा। शक होने पर फोन कर रहे व्यक्ति ने उनसे वीडियो कॉल कर बच्चे को देखा तो कहा कि तुम लोगों ने गलत बच्चे को उठा लिया है। इस पर बदमाशो ने कहा कि अब क्या करें, तो फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि सुनसान जगह पटक दो। उसको बेहोशी की हालत में यह सब सुनाई दे रहा था।

बदमाशों ने उसको रात को भर्तृहरी रोड पर पटक दिया। थोड़ी देर तो उसको नशा रहा, फिर वह उठ कर लोगों से कबाड़ी मोहल्ले का पता पूछ कर आया और कबाड़ी मोहल्ले में आकर गिर गया। जिसको देख कर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और उसके परिजनों को पता लगने पर उसे घर लेकर गए। रात में ही ९ बजे के लगभग पहले तो परिजन उसको भर्तृहरी रोड पर लेकर गए और घटना की जानकारी ली। इसके बाद बालक को लेकर थाने पहुंचे।

बालक के परिजन और मोहल्लेवासियों का आरोप है कि उन्होंने थाने पर पूरी घटना की जानकारी दी और मामले में कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने टालमटोल का रवैया अपनाते हुए कहा कि अपने नम्बर दे जाओ कुछ पता चलेगा तो बता देंगे। उनका कहना है कि बच्चा कार का रंग लाल बता रहा था। पुलिस को नाकेबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ के लिए तलाश के प्रयास तो करने चाहिए थे, जो पुलिस ने नहीं किए।

मोहल्ले के लोगों में दहशत


उक्त घटना के बाद से मोहल्ले के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों अपने बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कारवाई करने की मांग की है।

नहीं है जानकारी


कबाड़ी मोहल्ले से बालक के अपहरण का कोई मामला था, इसकी जानकारी नहीं है।
महावीर सिंह शेखावत थाना प्रभारी बहरोड़

Published on:
03 Sept 2017 05:35 pm