अलवर शहर में सात दिवसीय श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर धार्मिक माहौल बन गया है। कथा से पूर्व शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई
अलवर शहर में सात दिवसीय श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर धार्मिक माहौल बन गया है। कथा से पूर्व शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा का शुभारंभ पुराना कटला स्थित राधाकृष्ण मंदिर से किया गया। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा की शुरुआत की। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई एकलिंग महादेव मंदिर पहुंची, जहां भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन हुआ।
कलश यात्रा के दौरान महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर चलती नजर आईं, वहीं भजन-कीर्तन और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत भी किया।
आयोजकों के अनुसार 7 मार्च से सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों पर आधारित कथा का श्रवण कराया जाएगा। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।