
अलवर. देहली दरवाजे बाहर गंगा मंदिर के सामने स्थित बस्ती में वर्षों से अधिक शराब पीने से हो रही मौतों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। इन मौतों को रोकने के लिए प्रशासन, आबकारी विभाग और ना ही कोई स्वयं सेवी संस्था आगे आई। चुनाव आने पर यहां कई दशकों से रातों-रात शराब बांटी जाती है। घरों में शराब बिक रही है। यहां के अधिकतर घरों में कोई ना कोई सदस्य शराब पीकर मरने वाले हैं। पत्रिका टीम अलवर शहर के बीचो-बीच स्थित इस मोहल्ले में पहुंची और यहां एेसी महिलाओं से बातचीत की जिनका कोई ना कोई परिजन अधिक शराब पीकर मौत के आगोश में समा चुका है।
वोट लेबा वाला शराब बंदी की बात नाए करें, वो खुद ही शराब बांटे
ये वो महिलाएं हैं जो अपने बेटे या पति के मौत के बाद मजदूरी कर पेट भरती हैं। कोई जवान बेटा अपने पीछे अपने बच्चे भी छोड़ गया है जिसे अपने साथ पालना इनके लिए चुनौती बन गया है। यहां एकत्रित महिलाओं का कहना था कि इस मोहल्ले में अधिक शराब पीने से सैकड़ों घर बर्बाद हो चुके हैं। जिन घरों से कमाने वाला ही चल गया, उस घर में बच्चों को देखभाल करने वाला ही कोई नहीं है। एेसे में ये बच्चे अपराध की दुनिया में प्रवेश कर जाते हैं। महिलाओं ने बताया कि अब फिर विधानसभा चुनाव आ रहा हैं, वोट मांगबा वाला कभी भी शराब बंदी की बात नाए करें, वो तो खुद की शराब बंटवाएं। कोई भी जन-प्रतिनिधि ने यहां से शराब की अवैध बिक्री रोकने तक के प्रयास नहीं किए हैं।
इन महिलाओं ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री में पुलिस की मिलीभगत है। इस मोहल्ले में देशी ठेके से शराब आती है जिसे आबकारी विभाग की शह पर ही बेचा जाता है। कई महिलाओं ने बताया कि हमारे जवान बेटों की मौत अधिक शराब पीने से हुई है। यहां इस समय उनके घरों में छोटे बच्चे और हम औरते रह गई हैं।