
अलवर के जनाना अस्पताल का मानो मानवीय संवेदनाओं से शायद कोई वास्ता ही नहीं रह गया है। रोजमर्रा की अव्यस्थाओं के बीच मरीज किसी तरह अपना उपचार करा रहे हैं। लेकिन अस्पताल प्रशासन को शायद इनके दर्द से कोई वास्ता नहीं है। मंगलवार को अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिला के परिजन उसकी चिंताजनक हालत को देखकर चिकित्सक से उसे पहले देखने की गुहार लगाते रहे, लेकिन इस अनुनय-विनय का कोई असर नहीं हुआ। महिला को डॉक्टर के चैम्बर के बाहर ही प्रसव हो गया। हद तो तब हुई जब ऐसी हालत में अस्पताल स्टाफ ने उसे नहीं संभाला।
इधर, अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा कोढ़ में खाज बन चुकी है। कंडम हो चुकी इस मशीन के स्थान पर नई मशीन कब आएगी इसका जवाब अस्पताल प्रशासन के पास नहीं है। मरीज यहां की व्यवस्थाओं से बुरी तरह त्रस्त हैं लेकिन उनकी समस्याओं की कोई सुध लेने वाला नहीं है।
अलवर. जिला मुख्यालय स्थित महिला अस्पताल में मंगलवार को उस समय मानवता शर्मसार होती दिखी, जब भुल्ला का बास से आई प्रसूता ने चिकित्सक कक्ष के बाहर बच्चे को जन्म दिया, लेकिन करीब आधे घंटे तक अस्पताल का कोई कर्मचारी प्रसूता व नवजात की सुध लेने नहीं पहुंचा। हद तो तब हो गई जब प्रसूता के साथ आई वृद्धा ने एक हाथ में नवजात को थाम, दूसरे हाथ से स्ट्रेचर को खींचना पड़ा।
भुल्ला का बास से दोपहर करीब एक बजे प्रसूता पंचो महिला अस्पताल पहुंची। यहां चिकित्सक कक्ष के बाहर लंबी लाइन होने के कारण पंचो कतार में लग अपनी बारी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान महिला पंचो अचानक से गिर गई और वहीं बच्चे को प्रसव हो गया। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद अन्य महिलाएं भौचक्की रह गई। बाद में वहां मौजूद महिलाओं ने पंचो व नवजात को संभाला। खास बात यह कि घटना की चर्चा अस्पताल परिसर ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों तक पहुंच गई, लेकिन अस्पताल का कोई कर्मचारी प्रसूता व नवजात की खैर खबर लेने नहीं पहुंचा। खुद चिकित्सक भी कक्ष से बाहर प्रसूता का हाल जानने नहीं पहुंची। बाद में पंचो के साथ आई वृद्धा ने अन्य लोगों की मदद से उसे स्ट्रेचर पर लिटाया और एक हाथ में नवजात व दूसरे से स्ट्रेचर को खींचती हुई वार्ड में ले गई।
एक घंटे से लाइन में
पंचो डॉक्टर को दिखाने के लिए एक घंटे से लाइन में लगी हुई थी। महिला के साथ आए परिजन बार- बार डॉक्टर से उसकी जांच करने की गुहार करते रहे, लेकिन चिकित्सक हर बार नियमों का हवाला देकर लाइन में लगने की नसीहत देती रही। इस दौरान महिला तीन बार गिर भी गई। प्रसव के दौरान नवजात की नाल भी नहीं संभाली गई। यहां हर कोई महिला अस्पताल प्रशासन को कोसता नजर आया।
अस्पताल प्रभारी का कक्ष खाली
घटना के बारे में पता चलते ही कई लोग जनाना अस्पताल के प्रभारी को जानकारी देने के लिए उनके कक्ष की भागा, लेकिन वे कक्ष में नहीं थे। अन्य कर्मचारियों से अस्पताल प्रभारी के बारे में पता करने पर भी कोई जानकारी नहीं लग सकी। बाद में प्रसूता के साथ आई वृद्धा ने ही हिम्मत दिखाई और नवजात व पंचो को स्ट्रेचर पर लिटाकर वार्ड तक पहुंचाया।