अलवर

बहरोड़ में कांग्रेस के बागी योगेश मेहता बने प्रधान

प्रधान की कुर्सी के लिए चली सियासी बिसात में भाजपा ने बाजी मार ली। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए योगेश कुमार मेहता बहरोड़ पंचायत समिति के नए प्रधान बन गए। मेहता ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रद्युम्न यादव को 3 मतों से शिकस्त दी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 3:40 PM IST
बहरोड़ में कांग्रेस के बागी योगेश मेहता बने प्रधान

बहरोड़. योगेश मेहता को 9 वोट व प्रद्युम्न यादव 6 वोट मिले। प्रधान चुनाव से पहले बहरोड़ की राजनीति में समर्थन जुटाने, निर्दलीयों को साधने और खेमेबंदी को लेकर खूब चर्चाएं थीं। मतदान के नतीजे सामने आते ही भाजपा खेमे में खुशी छा गई और कांग्रेस की रणनीति धरी रह गई।

चार दिन पहले पार्टी बदली

योगेश मेहता चुनाव से ठीक चार दिन पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। मेहता पर भाजपा ने भरोसा जताया। पार्टी का यह सियासी दांव आखिरकार सफल रहा और मेहता प्रधान बन गए। कांग्रेस से आए सदस्य को प्रधान बनाकर भाजपा ने विरोधियों को भी सियासी संदेश देने की कोशिश की है।

आठ निर्दलीय, बाजी भाजपा के हाथ

बहरोड़ पंचायत समिति में 15 सदस्य हैं। चुनाव में निर्दलीयों की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही थी। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही निर्दलीय सदस्यों को अपने पक्ष में करने की रणनीति में जुटे थे। अंदरखाने क्रॉस वोटिंग और खेमे में सेंधमारी की चर्चाएं भी खूब थीं, लेकिन मतदान के परिणाम ने भाजपा के पक्ष में समीकरण साफ कर दिया। भाजपा समर्थित योगेश मेहता प्रधान की कुर्सी पर पहुंच गए।

नवनिर्वाचित प्रधान योगेश मेहता ने वार्ड नंबर 6 से चुनाव जीता था। उनकी उम्र 40 साल है। खुद का व्यवसाय करते हैं। स्नातक किया है। नामांकन पत्र में उल्लेखित सूचना के मुताबिक योग की नीमराणा के दौलतसिंहपुरा में जमीन है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए है। डेढ़ लाख रुपए का सोना है और 37192 रुपए बैंक खाते में जमा हैं।

Updated on:
28 Nov 2026, 3:40 PM IST
Published on: