अलवर

लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए पहली बार राजस्थान आएंगे योगी आदित्यनाथ, अलवर में सभा को करेंगे संबोधित

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलवर में भाजपा प्रत्याशी बालक नाथ के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे।
2 min read
May 01, 2019
Yogi Aadityanath To Address Rally In Alwar
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए पहली बार राजस्थान आएंगे योगी आदित्यनाथ, अलवर में सभा को करेंगे संबोधित

अलवर. साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत और उपचुनाव में करारी शिकस्त के बाद भाजपा ने इस बार फिर से प्रचार में ताकत झोंक दी है। पार्टी के चुनाव प्रचार को परवान चढ़ाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को जिले के बीबीरानी कस्बे मेें अलवर से पार्टी प्रत्याशी महंत बालकनाथ के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। वहीं आगामी गुरुवार 2 मई को अलवर के कम्पनी बाग में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मंत्री और स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ की सभा का समय दोपहर तीन बजे है।

लोकसभा चुनाव अंतिम चरण में पहुंचते ही प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और पार्टी के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ भी अलवर आ रहे हैं। वे यहां कम्पनी बाग में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे।

योगी आदित्यनाथ की लोकसभा चुनाव में राजस्थान में यह पहली सभा होगी। माना जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी बालकनाथ से निकटता के चलते योगी आदित्यनाथ इस बार लोकसभा चुनाव में राजस्थान में प्रचार की शुरुआत अलवर से करेंगे। हालांकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव में अलवर जिले में तीन चुनावी सभा को सम्बोधित कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव में अभी तक केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शाहजहांपुर में चुनावी सभा कर चुके हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी अलवर में रोड शो कर चुकी हैं।

बालकनाथ योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाते हैं, योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में ही बालकनाथ मस्तनाथ मठ के उत्तराधिकारी चुने गए थे। यही नहीं विधानसभा चुनाव के दौरान जब योगी आदित्यनाथ जब अलवर में प्रचार कर रहे थे तो बालकनाथ उनके साथ थे। इन चुनाव में भी चर्चा है कि बालकनाथ को टिकट मिलने में योगी आदित्यनाथ का अहम किरदार है।

Updated on:
01 May 2019 05:54 pm
Published on:
01 May 2019 05:54 pm