
अम्बेडकरनगर. इंसान के जीवन में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होते हैं खून के रिश्ते , जिसमे पिता पुत्र, भाई भाई, भाई बहन और मां। ये ऐसे रिश्ते होते हैं, जिनकी अपनी मर्यादा होती है, लेकिन कभी कभी ऐसे मामले सामने आ जाते हैं, जिन्हें सुनकर ही आत्मा ग्लानि से भर जाए। ऐसा ही रिश्तों की मर्यादा को तार तार कर देने वाला उस समय सामने आया, जब लोगों को पता चला कि छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई को अपनी पत्नी के साथ मिलकर पीट पीट कर मार डाला।
ये था मामला
मामला जिले के टांडा कोतवाली क्षेत्र के टी एन पी जी कालेज परिसर से सटी आबादी में राजबहादुर यादव अपने मकान में रहते थे | बताया जाता है कि राजबहादुर पहले कानपुर में किसी नमकीन फैक्ट्री में काम करते थे। जहां से वे अपने काम समेत कर वापस अपने पैत्रिक मकान में आकर रहने लगे थे। इसी मकान के एक हिस्से में उनका छोटा भाई टेकई भी अपने परिवार के साथ रहता था। जिसकी नजर बड़े की सम्पत्ति पर लगी हुई थी और कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उसने अपने बेटे और पत्नी के साथ मिलकर सगे बड़े भाई को ही मौत के घाट उतार दिया |
इस तरह दिया हत्या को अंजाम
कानपुर में अपनी नौकरी छोड़ कर वहां का मकान बेंचकर राजबहादुर टांडा चले आये थे। यहां वे अपने पैत्रिक मकान में हिस्सा लेकर उसमे रहने लगे थे। उनकी पत्नी की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी और दो बेटों में बड़ा सऊदी अरब में है। दूसरा बेटा अपने मामा के घर रहता है और घर पर राज्बहदूर अकेले रहते थे। पड़ोस में ही छोटा भाई टेकई अपने पत्नी और बेटे के साथ रहता है, जिसकी नजर बड़े भाई की संपत्ति को लेकर ख़राब थी और आये दिन उनसे विवाद करता था। सोमवार को सुबह से ही टेकी अपने भाई से झगडा करता रहा और आखिर में घर के अंदर अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर लाठी, बैट और घर के कूकर से पीट पीटकर मार डाला। पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी, क्योंकि इन तीनों ने मिलकर राज बहादुर के मुंह में कपडा ठूंस कर हाथ पैर बांध दिया था।
सभासद की सूचना पर हुआ खुलासा
राज बहादुर की हत्या हा खुलासा तब हुआ जब इस क्षेत्र की महिला सभासद अमरावती राज्बह्दुर के राशनकार्ड के आन लाइन आवेदन कराने के लिए उनके कागजात की मांग करने उनके घर गई। घर पर राज बहादुर नहीं मिले तो उसने उनके छोटे भाई टेकई के परिवार में पूंछतांछ की। इसी पूंछतांछ में उसे कुछ शक हुआ तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दबाव बनाकर घर के अंदर घुसी तो एक बंद कमरे में हाथ पैर बंधे और मुंह में कपड़ा ठुंसे हुए राजबहादुर की लाश मिली। फिलहाल पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह ने बताया कि मामला हत्या का है और हर पहलू पर जांच की जा रही है। आरोपी कही बच कर नहीं जा पाएंगे। फ़िलहाल पुलिस आरोपी भाई और उसकी पत्नी को अभिरक्षा में लेकर पूंछतांछ कर रही है।