अम्बेडकर नगर

अंबेडकरनगर में एनकाउंटर: सुपारी किलर वाहिद अंसारी ढेर; 35 मुकदमे थे दर्ज, कोतवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में बुधवार भोर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुपारी किलर वाहिद अंसारी मारा गया। वह बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा था और गोरखपुर से भी वांछित था। मुठभेड़ में शहर कोतवाल समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 10:02 AM IST
Breaking News
Breaking News

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में 35 मुकदमों में आरोपी सुपारी किलर वाहिद अंसारी मारा गया। पुलिस के मुताबिक, वह पूर्वी यूपी में हथियार सप्लाई करने के साथ सुपारी लेकर हत्या करने के कई मामलों में शामिल था। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा धाम के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस बैरियर पार करने की कोशिश की। रोकने पर पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वाहिद को चार गोलियां लगीं। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एक बदमाश भागने में कामयाब रहा।

शिव बाबा धाम के पास हुई मुठभेड़

यह मुठभेड़ अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर शिव बाबा मंदिर के पास हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहिद अंसारी इलाके में छिपा हुआ है और देर रात वहां से भागने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर प्रमुख चौराहों पर चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो संदिग्ध बैरियर पार करने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह घायल हो गए।

जवाबी फायरिंग में सीने और पैर में लगीं गोलियां

बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और घेराबंदी की। इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में वाहिद अंसारी को सीने और पैर में चार गोलियां लगीं। वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।

घायल वाहिद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी प्राची सिंह की जैकेट में लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान एसपी प्राची सिंह भी एसओजी टीम के साथ मौके पर मौजूद थीं। बदमाशों की तरफ से चलाई गई एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। हालांकि, जैकेट की वजह से उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

एसपी ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध बाइक सवारों के बैरियर पार करने की कोशिश करने पर रोकने का प्रयास किया गया था। इसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

35 मुकदमों में दर्ज था वाहिद का नाम

मृतक की पहचान वाहिद अंसारी पुत्र अबूबकर निवासी बहरियाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था और पूर्वी यूपी में हथियार सप्लाई करने के साथ सुपारी लेकर हत्या करने के मामलों में भी शामिल रहा था। सीसीटीएनएस (CCTNS) पर रिकॉर्ड की जांच में उसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 35 मुकदमे दर्ज मिले हैं। वह गोरखपुर के कैंट थाने से भी वांछित था। मुठभेड़ के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथी की तलाश में जुटी है।

Updated on:
18 Nov 2026, 10:02 AM IST
Published on:
Also Read
View All
छठ पर घर में डीजे बजाने को लेकर पड़ोसियों से हुई कहासुनी, सुबह घर से दूर पड़ा मिला युवक का शव

‘मुस्लिम सपा-कांग्रेस छोड़ ओवैसी के साथ आएंगे’, ओपी राजभर का गठबंधन पर बड़ा बयान, बोले- दलित समाज चंद्रशेखर आजाद के साथ होगा खड़ा

‘अखिलेश सत्ता में आए तो मंदिर में नमाज पढ़वा देंगे’, राजभर का हमला, अयोध्या को लेकर किए गए वादे पर घेरा

‘अखिलेश डूबती हुई नैया है’, ओम प्रकाश राजभर ने सपा के साथ गठबंधन की संभावना को किया खारिज

‘मुसलमान कब तक सपा का झंडा ढोएंगे’, ओम प्रकाश राजभर ने असदुद्दीन ओवैसी का किया समर्थन, बोले- अब AIMIM मैदान में उतरें