
IPS Mother Murder Case Update: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में वरिष्ठ IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की करीब 91 वर्षीय मां इंद्रावती की घर में हत्या का मामला सामने आया है। घटना को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद और प्रदेश की कानून-व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि जब एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार की बुजुर्ग महिला की हत्या जैसी घटना हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता होना स्वाभाविक है। BSP प्रमुख ने सरकार से घटना की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाते हुए लिखा, ''जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा?''
आशुतोष मिश्रा लखनऊ पुलिस मुख्यालय में SP पद पर तैनात हैं। उनकी मां इंद्रावती अंबेडकरनगर के मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव स्थित पैतृक आवास में रहती थीं। रविवार दोपहर जब नौकरानी घर पहुंची तो उसने इंद्रावती को घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह देखकर उसने शोर मचाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अंबेडकरनगर की SP प्राची सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है, जिससे मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सके।
पुलिस ने मामले में 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सर्विलांस टीम ने घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे घटना से जुड़े लोगों के बारे में सुराग मिल सके।
परिजनों के मुताबिक, इंद्रावती के पास सोने की चेन, सोने से जड़ित तुलसी की माला, नाक की कील, टॉप्स और पायल रहती थी। घटना के बाद इनमें से कई जेवर गायब मिले हैं। इसी आधार पर परिजनों की ओर से लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी लूट की पुष्टि नहीं की है।
अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल लूट की बात पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। SP के मुताबिक, यह संभावना भी है कि इंद्रावती की मौत के बाद आसपास के किसी व्यक्ति ने उनके जेवर निकाल लिए हों। पुलिस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।
नौकरानी ने पुलिस को बताया कि इंद्रावती के मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। शव मिलने की जानकारी उनके चाचा सचिंद्र मिश्र ने फोन के जरिए आशुतोष मिश्रा को दी। घटना के वक्त आशुतोष मिश्रा लखनऊ में थे। जानकारी मिलते ही वह अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।
पैतृक आवास में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।