अम्बेडकर नगर

यहां तो गेंहू क्रय केंद्र की आड़ में चल रहा था अवैध आढ़त, प्रशासन ने मारा छापा तो सामने आई सच्चाई

यहां तो गेंहू क्रय केंद्र की आड़ में चल रहा था अवैध आढ़त, प्रशासन ने मारा छापा तो सामने आई सच्चाई

2 min read

अम्बेडकर नगर. प्रदेश सरकार किसानों की दशा सुधारने के लिए उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही फसलों की खरीद के साथ ही खरीददारी में किसी तरह की कोई कमीशनखोरी न हो, इसको रोकने के लिए खरीदे गए अनाज का भुगतान सीधे किसानों के खाते में करने की व्यवस्था लागू की है, लेकिन इन तमाम व्यवस्थाओं के बावजूद क्रय केंद्रों पर मनमानी और भ्रष्टाचार का मामला लगातार सामने आ रहा है।

विकासखंड क्षेत्र टांडा के इनामिपुर गेंहू क्रय केंद्र पर खरीद में फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। एक किसान इनामी पूरे गेंहू क्रय केंद्र पर जब अपना गेंहू बेंचने पहुंचा तो वहां न तो केंद्र प्रभारी मौजूद थे और न ही कोई अन्य जो किसान का गेंहू खरीद सके।

किसान की सूचना पर एडीएम ने मारा छापा

इनामी पुर गेंहू क्रय केंद्र पहुंचे किसान ने अपना गेंहू बेंचने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन जब वह कामयाब नहीं हुआ तो उसने सीधे इसकी सूचना एडीएम गिरिजेश त्यागी को देने के साथ ही यह भी बताया कि केंद्र पर किसानों का गेंहू तो नहीं खरीदा जा रहा है, लेकिन बगल में अवैध रूप से एक सपा नेता के मकान में सैकड़ों कुंतल अवैध रूप से खाद्यान्न खरीद कर भंडारण किया गया है, जिसे बाद में किसानों की खरीद दिखाकर सरकारी दर पर भुगतान ले लिया जायेगा।

एडीएम गिरिजेश त्यागी किसान की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंच गए और वहां किसान की निशानदेही पर गेंहू क्रय केंद्र के बगल स्थित एक सपा नेता के मकान पर पहुंचे तो वहां ताला बंद था, लेकिन अंदर बरामदे में सरकारी बोरी में सैकड़ों कुंतल गेंहू भरा हुआ रखा दिखाई पड़ा।

एडीएम ने दिए जांच के आदेश

इस गेंहू क्रय केंद्र पर साफ तौर पर अनियमितता देखने के बाद एडीएम ने पीसीएफ के अधिकारियों को इसकी जांच करने का निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे पीसीएफ के एकाउंटेंट अवधेश द्विवेदी ने क्रय केंद्र और गेहूं रखे गए मकान का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि क्रय केंद्र पर प्रभारी उमाशंकर उपाध्याय मौजूद नहीं है। तौल का कार्य बंद है और गेहूं जो दूसरे के मकान में रखा गया है वह इसी केंद्र का है। उन्होंने कहाकि गेहूं खरीद कर दूसरे के यहां रखना नियम विरुद्ध है। उन्होंने जब इसकी जानकारी की तो उन्हें बताया गया कि गेंहू किसानों से ही खरीद गया है, लेकिन किसानों को इसकी रसीद नहीं दी गई है।

मतलब साफ है कि किसानों से खरीद की आड़ में बड़े पैमाने पर सस्ते दाम में गेंहू खरीद कर अधिक दामों पर क्रय केंद्र से भुगतान लेने की योजना केंद्र प्रभारी द्वारा कुछ लोगों की मिलीभगत से चलाया जा रहा है। जांच करने पहुंचे पीसीएफ अधिकारी ने कहाकि केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देंगे।

Published on:
29 Apr 2018 02:08 pm
Also Read
View All