Anganwadi workers strike end: मानदेय में वृद्धि की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल, वेतनवृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर थे हड़ताल पर
अंबिकापुर. Anganwadi workers strike end: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदेश भर के आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। सरगुजा में भी विरोध प्रदर्शन जारी था। सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा कि हड़ताली कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। होली के दो दिन पहले इस घोषणा से जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने जमकर होली खेली। धरनास्थल कलेक्टोरेट शाखा के सामने कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी।
गौरतलब है कि वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर जिले भर के आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। इस दौरान जिले भर के आंगनबाड़ी केन्द्रों में ताला लटका था।
मुख्यमंत्री ने बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय की राशि 6 हजार 500 प्रति माह से बढ़ाकर अब 10 हजार रूपए, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 4 हजार 500 रुपए से बढ़ाकर ७ हजार 500 रूपये मासिक एवं सहायिकाओं का मानदेय 3 हजार 250 रुपए से बढ़ाकर 5 हजार रुपए मासिक करने की घोषणा की गई है।
मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा होते ही खेला अबीर-गुलाल
धरनास्थल कलेक्टोरेट शाखा के सामने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने बजट घोषणा पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए देर तक जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे को अबीर, गुलाल लगाकर बधाइयां दी।
मानदेय साढ़े 6 हजार से बढक़र 10 हजार होने की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी। इस घोषणा के साथ ही डेढ़ माह से चल रही अनिश्चिकालीन हड़ताल समाप्त हो गई।