अंबिकापुर

CG farmers: कलेक्टर बोले- किसानों की सुविधा के लिए अवकाश के दिनों में भी किया जा रहा खाद-बीज का वितरण

CG farmers: कलेक्टर ने आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों का निरीक्षण कर खाद-बीज के भंडारण व वितरण की ली जानकारी, गांवों में मुनादी कराने के दिए निर्देश
2 min read
• •
Updated: 16 Jun 2024, 9:12 PM IST
CG farmers

अंबिकापुर. CG farmers: कलेक्टर विलास भोसकर ने रविवार को उदयपुर विकासखंड का दौरा कर विभिन्न आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों का निरीक्षण कर खाद-बीज के भण्डारण और वितरण की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि अवकाश के दिनों में भी खाद-बीज वितरण की जानकारी देने गांवों में मुनादी कराएं। इसके बाद कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई द्वारा निर्माणाधीन सडक़ झिरमिट्टी-उदयपुर मुख्य मार्ग का भी निरीक्षण किया और शीघ्र निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर (Surguja collector) ने भ्रमण के दौरान आदिम जाति सेवा सहकारी समिति डांडगांव, ख़म्हरिया, और सलका का निरीक्षण किया। समिति पहुंचकर उन्होंने किसानों (CG farmers) से खाद बीज वितरण पर फीडबैक लिया। उन्होंने किसानों से खेती का रकबा, केसीसी कार्ड, खाद-बीज का रेट और समय पर खाद-बीज मिलने की जानकारी ली।

उन्होंने समिति प्रबंधक से यूरिया, सुपरफास्ट, डीएपी आदि खादों और विभिन्न किस्मों के धान बीज के स्टॉक की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अवकाश के दिनों में भी समिति के खुले रहने की सूचना की गांवों में मुनादी करवाएं, जिससे लोगों तक ज्यादा से ज्यादा जानकारी पहुंचे।

जिले में ये है खाद-बीज की स्थिति

जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के सीईओ ने बताया कि जिले में 17 हजार 75.28 क्विंटल बीज का भंडारण हो चुका है और किसानों को 7 हजार 628.02 क्विंटल बीज वितरण किया जा चुका है। इसी तरह जिले में खरीफ 2024 अंतर्गत 51 हजार 15.68 टन रासायनिक खाद भण्डारण किया गया है।

इसमें से 35 हजार 572.30 टन रासायनिक खाद का वितरण किसानों (CG farmers) को किया जा चुका है। खरीफ विपणन वर्ष 2024 में खाद बीज का भंण्डारण, वितरण एवं ऋण वितरण कार्य में प्रगति एवं लक्ष्य के अनुरूप किए जाने हेतु समितियां सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित की जा रही हैं।

अवकाश के दिनों में भी समितियां खुली हैं तथा किसानों को खाद एवं बीज का वितरण किया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम उदयपुर बीआर खांडे सहित खंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Updated on:
16 Jun 2024, 9:12 PM IST
Published on: