
Ambikapur News, अंबिकापुर कोतवाली (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। शहर के रायगढ़ रोड स्थित श्री हरि ट्रेडिंग के संचालक से 12 लाख 54 हजार 330 रुपए की धोखाधड़ी (Fraud by businessman) का मामला सामने आया है। वह महुआ का कारोबारी है। बिलासपुर और कटघोरा के 2 व्यापारियों ने उससे महुआ की खरीदारी की थी। इसके बाद उन्होंने उक्त महुआ एक अन्य कारोबारी को बेच दी और रुपए देने से भी इनकार कर दिया। दोनों ने कहा कि वे महुआ बेच चुके हैं, उससे जाकर रुपए ले ले। जब कारोबारी ने उससे बात की तो उसने कहा कि वह उसे नहीं जानता, इस वजह से रुपए नहीं देगा। धोखाधड़ी के शिकार कारोबारी ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
अंबिकापुर के रायगढ़ रोड़ निवासी श्री हरि ट्रेडिंग (Ambikapur businessman fraud) के संचालक नितेश अग्रवाल ने पुलिस को बताया है कि 19 मई 2025 को रमेश अग्रवाल निवासी कटघोरा और किशन अग्रवाल निवासी बिलासपुर द्वारा 12 लाख 54 हजार 330 रुपये का महुआ खरीदा गया था। दोनों ने तीन दिन के भीतर पूरी रकम का भुगतान करने का आश्वासन दिया था।
निर्धारित समय बीतने के बाद जब नितेश ने भुगतान की मांग की, तो रमेश और किशन ने बताया कि उन्होंने महुआ विनय कुमार चौधरी को बेच दिया है और अब उसी से रकम ले लें। जब उसने विनय कुमार चौधरी से भुगतान मांगा तो उसने यह कहते हुए रकम देने से इनकार कर दिया कि वह नितेश को नहीं जानता, बल्कि रमेश और किशन को जानता है।
नितेश का आरोप है कि तीनों ने मिलकर महुआ की खरीदी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है। महुआ की आपूर्ति के बाद से अब तक उसे भुगतान नहीं मिला है।
शिकायत में विनय चौधरी पर एक अन्य कारोबारी से भी रुपए की धोखाधड़ी (Fraud case filed) करने का आरोप लगाया गया है। विनय ने अंबिकापुर के हनुमंत ट्रेडर्स के संचालक नरेंद्र अग्रवाल से 18 लाख का महुआ और 30 लाख का मक्का खरीदा था। इसके बाद दुकान और मोबाइल नंबर बंद कर वह गायब हो गया। फिलहाल पुलिस ने नितेश अग्रवाल की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
23 Oct 2026, 8:41 PM IST
Published on:
23 Oct 2026, 8:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.