
अंबिकापुर। लोक आस्था का महापर्व छठ (Chhath festival) जिला मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे संभाग में हर्षोल्लास के साथ रविवार को मनाया गया। शाम को व्रतियों ने डूबते सूर्य को अघ्र्य दिया। इस दौरान छठ घाटों में मेले जैसा माहौल नजर आया। सडक़ों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई श्रद्धालु अपने घर से दंडवत देते हुए छठ घाटों तक पहुंचे। कांचे ही बांस के बहंगिया… जैसे छठगीतों से घाट गूंजते रहे। छठ घाट पर पहुंचने के बाद व्रतियों ने नदी तालाबों और जलाशयों में उतर कर स्नान किया। इसके बाद पानी में ही खड़े होकर श्रद्धालुओं ने दोनों हाथ से प्रसाद से भरे सूप से अस्ताचलगामी को अघ्र्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार के लोगों ने लोटा में पानी और दूध से व्रतियों को अघ्र्य दिलाया। अघ्र्य अर्पित करने का सिलसिला सूर्यास्त होते तक चलता रहा।
लोक आस्था का महापर्व छठ छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। अंबिकापुर में भी छठ करने वालों की संख्या प्रतिवर्ष बढ़ती जा रही है। छठ व्रतियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए लगभग हर मोहल्लों में छठ घाट बनाए गए हैं। शहर के प्रमुख शंकरघाट, घुनघुट्टा, शिवसागर तालाब सहित अन्य छठ घाटों में प्रतिवर्ष काफी संख्या में श्रद्धालु छठ करने पहुंचते हैं।
शंकर घाट पर महामाया छठ पूजा सेवा समिति द्वारा पूरी तैयारी की गई थी। समिति द्वारा व्रतियों की सुविधा को देखते हुए टेंट पंडाल सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की गईं थीं। इसी तरह शहर से लगे घुनघुट्टा नदी तट पर श्याम घुनघुट्टा छठ सेवा समिति द्वारा व्यापक तैयारी की गई थी। यहां छठ व्रतियों के लिए समिति द्वारा पहली बार डिजिटल टोकन की व्यवस्था की गई थी।
टोकन के माध्यम से व्रतियों ने अपने स्थान पर पूजा की। यहां शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। व्रतियों को यहां स्नान करने के लिए शुद्ध जल व पर्याप्त जगह काफी पसंद आई। वहीं यहां गंगा आरती का भी आयोजन किया गया था। जो आकर्षण का केन्द्र रही। इसी तरह शहर के मौलवी बांध, मैरीन ड्राइव तालाब, सतीपारा तालाब, जेल तालाब, खैरबार नहरपारा, गोधनपुर तालाब सहित अन्य स्थानों पर घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
छठ व्रत अटूट आस्था का पर्व है। मान्यता है कि छठ व्रत करने पर लोगों की सारी मन्नतें पूर्ण होतीं हैं। ऐसे में श्रद्धाल अपने घर से ही दंडवत देते हुए छठ घाटों तक पहुंचे। इधर छठ घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। सभी घाटों पर भीड़ देखने को मिली। शंकर घाट में पुलिस द्वारा काली मंदिर के पास मोटरसाइकिल की पार्किंग एवं संजय पार्क बैरियर से तकिया मोड़ तक चार पहिया वाहनों को रोक दिया गया था।
अघ्र्य के लिए दोपहर करीब 3 बजे से ही सडक़ों एवं गलियों में व्रतियों की भीड़ दिखने लगी। महिलाएं छठी मइया का गीत गाते व पुरुष सिर में सूपा व दउरा रख नंगे पैर घाट की ओर रवाना हुए। जैसे-जैसे शाम होती गई, व्रतियों की भीड़ बढ़ती गई। व्रतियों की सुविधा के लिए सडक़ों से लेकर घाटों तक विशेष व्यवस्था की गई थी। व्रतियों को परेशानियों से बचाने के लिए सडक़ों की साफ-सफाई हुई थी। छठ घाटों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने डूबते भगवान सूर्यदेव को अघ्र्य दिया।