अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पिछले 6 महीने से आतंक मचा रहा कबरा कान हाथी (Kabra Elephant) अब 17 हाथियों के नए दल में प्रवेश कर गया है। बताया जा रहा है कि इस दल के लीडर को उसने लडक़र खदेड़ दिया, इसके बाद वह अब दल का नया नेता बन गया है। ऐसे में उसे ट्रैंकुलाइज करना मुश्किल हो रहा है। शनिवार को वह दल के साथ कुसुवामुड़ा जंगल में डटा हुआ था, जबकि रविवार की दोपहर तक वह ऐतिहासिक स्थल रामगढ़ पहाड़ के आस-पास विचरण कर रहा है। हालांकि वन विभाग की टीम 2 कुमकी हाथियों के साथ उसे ट्रैकिंग करने की कोशिश कर रही है, लेकिन दल के साथ विचरण करने की वजह ट्रैंकुलाइज करने वाली टीम के सामने भी समस्या खड़ी हो गई है, वे कबरा कान हाथी का दल से अलग होने का इंतजार कर रहे हैं।