अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में हाथियों की मौत का सिलसिला जारी है। 2 दिन पूर्व ही सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुसुवामुंडा जंगल में मादा हाथी का शव मिला था। करंट की चपेट में आने से उसकी मौत की बात कही जा रही थी, लेकिन डीएफओ ने इसे नकारते हुए बीमारी से मौत की बात बताई थी। इसी बीच सूरजपुर जिले के गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व पार्क (Guru Ghasi Das Tiger Reserve) इलाके में स्थित मोहरसोप के पास गुरुवार की सुबह एक बेबी एलीफैंट का शव मिला। शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। 2 दिन तक शावक का शव जंगल में पड़ा रहा, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। ग्रामीणों की सूचना पर अब विभाग के कर्मचारी एक्टिव हो गए हैं। शावक की मौत कैसे हुई, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है।