बाजार के समीप ही झाडिय़ों में लाश मिलने से इलाके में फैली सनसनी, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
शंकरगढ़. ब्लॉक मुख्यालय में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के समीप झाडिय़ों के बीच गुरुवार की सुबह एक लापता ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतक के परिजन ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण 3 दिन पूर्व घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार जा रहा है। उसकी जगह उसकी लाश घर आई।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत नवापारा निवासी 42 वर्षीय कान्हू राम पिता रघुराम पहाड़ी कोरवा बीते सोमवार को बाजार करने के लिए अपनी बहू से १५० रुपए लेकर निकला था। लेकिन वह रातभर घर नहीं लौटा। सुबह तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी। वे उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे। उसका कुछ पता नहीं चलने पर परिजन काफी परेशान थे।
इसी दौरान गुरुवार की सुबह शंकरगढ़ में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के समीप झाडिय़ों के बीच में उसका शव मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। पतराटोली के ग्रामीणों ने उसका शव देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। फिर शंकरगढ़ पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने शव उसके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला हत्या का नजर आ रहा है। परिजनों ने भी उसकी हत्या कर लाश को झाडिय़ों में फेंके जाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पीएम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर ग्रामीण की मौत से उसके घर व गांव में मातम पसरा हुआ है।