
अंबिकापुर. अनुशासन हमें रोकने, टोकने एवं नियमों में बांधने के लिए प्रेरित करता है, किन्तु अनुशासन के साथ किए गए कार्यों सें लगातार सफलता मिलती है। जीवन में अनुशासन का पालन करना चाहिए। यह बातें मंगलवार को १७वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि टीएस सिंहदेव ने कही। इधर प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए रायपुर जोन को जनरल चैंपियनशिप के खिताब से नवाजा गया। कबीरधाम को सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट तथा कोरिया जिले को अनुशासन के लिए पुरस्कृत किया गया।
अपने उद्बोधन में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उपविजेताओं को भविष्य में और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राज्य के सभी जोन से आए खिलाडिय़ों एवं दल प्रबंधकों को अच्छी स्मृतियों एवं दोबारा आने की इच्छा के साथ सरगुजा से विदा होने का आग्रह किया। इससे पहले अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता ने प्रतियोगिता के सम्बंध में बताया कि चार दिवसीय आयोजन में राज्य के 12 जोन के 662 बालक एवं 523 बालिकाओं तथा 135 खेल प्रबंधक तथा कोच ने भाग लिया। उन्होंने खेल आयोजन में भोजन, आवास, परिवहन एवं सुरक्षा सहित अन्य सहयोग के लिए संबंधितों के प्रति आभार व्यक्त किया। शासकीय बहुद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सम्पन्न हुई प्रतियोगिता में जनरल चैम्पियनशिप का पुरस्कार रायपुर जोन को मिला।
उत्कृष्ट मार्च पास्ट के लिए कबीरधाम तथा अनुशासन के लिए कोरिया जोन श्रेष्ठता का पुरस्कार प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर फील्ड मार्शल एसएस गहरवार के नेतृत्व में सभी जोन के खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव तथा जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह ने मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में सरगुजा, बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, कांकेर, कोण्डागांव, कोरिया, रायपुर, राजनांदगांव आदि 12 जोन के प्रतिभागी शामिल हुए।
कठिन परिश्रम से ही मिलती है सफलता
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला पंचायत की अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह ने कहा कि शिक्षा, खेल और जीवन में निरंतर सफ लताओं के लिए कठिन परिश्रम आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि एवं लुण्ड्रा विधायक चिंतामणी महाराज ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का जीवन में अनुशाासन का विशेष महत्व है। कार्यक्रम को नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा, सीतापुर के जनपद उपाध्यक्ष शैलेष सिंह, पार्षद हरमिन्दर सिंह टिन्नी एवं भारत सिंह सिसोदिया ने भी सम्बोधित किया।
कार्मेल स्कूल की बैंड पार्टी ने मोहा मन
मार्च पास्ट के दौरान कार्मेल कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने सुमधुर बैंण्ड की प्रस्तुति दी। होली क्रास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं यूनिक कान्वेंट स्कूल की छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता में बेहतर सहयोग एवं समन्वय के लिए सभी जोन के प्रबंधकों को पुरस्कृत किया गया। अतिथियों को भी स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई तथा क्रीड़ा प्रतियोगिता का ध्वज संगठन सचिव को सौंपा गया। इस अवसर पर लोक शिक्षण संचालनालय के नीलमणी चन्द्राकर, प्राचार्य एलपी गुप्ता, स्नेहलता सिन्हा, भरत अग्रवाल, केके राय, एसएन वर्धन आदि सहयोग करते रहे। थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुजाता सिंह द्वारा किया गया।
ये रहे विजयी जोन
खेल प्रतियोगिता के हैण्डबाल बालिका 19 वर्ष वर्ग में रायपुर जोन विजेता एवं जशपुर जोन उप विजेता रहे। हैण्डबाल बालक 19 वर्ष वर्ग में रायपुर जोन विजेता एवं सरगुजा जोन उप विजेता, टेनिस बॉल क्रिकेट बालिका 17 वर्ष वर्ग में दुर्ग जोन विजेता एवं रायपुर जोन उप विजेता, टेनिस बाल क्रिकेट बालक 17 वर्ष वर्ग में जशपुर जोन विजेता एवं सरगुजा जोन उप विजेता, फ ुटबाल बालिका 14 वर्ष वर्ग में बस्तर जोन विजेता एवं दुर्ग जोन उप विजेता, फु टबाल बालक 14 वर्ष वर्ग में सरगुजा जोन विजेता एवं कोण्डागांव जोन उप विजेता,
ताईक्वांडो बालिका 14 वर्ष में रायपुर विजेता एवं सरगुजा उप विजेता, ताईक्वांडो बालक 14 वर्ष में सरगुजा विजेता एवं रायपुर उप विजेता, ताईक्वांडो बालिका 17 वर्ष में रायपुर विजेता एवं दुर्ग उप विजेता, ताईक्वांडो बालक 17 वर्ष में रायपुर विजेता एवं बिलासपुर उप विजेता, ताईक्वांंडो बालिका 19 वर्ष में रायपुर विजेता एवं जशपुर उप विजेता तथा ताईक्वांडो बालक 19 वर्ष वर्ग में बिलासपुर जोन विजेता एवं दुर्ग जोन उप विजेता रहा।