
अंबिकापुर। कांग्रेस अंबिकापुर मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू (Congress leader Gurpreet Singh) को जान से मारने की साजिश रचे जाने का आरोप सामने आया है। इस संबंध में उन्हें एक पत्र मिला है, जिसमें जेल में बंद एक आरोपी द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कही गई है। पत्र मिलने के बाद शुक्रवार को गुरप्रीत सिंह पार्टी के अन्य नेताओं के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी को पूरे मामले की जानकारी देकर सुरक्षा की मांग की। पत्र में प्रेषक का नाम अंबिकापुर के पर्राडांड़ निवासी शमशेर पिता इम्तियाज है। बता दें कि करीब 2 माह पूर्व गुरप्रीत सिंह के साथ उनके घर के सामने मारपीट की गई थी।
पत्र में मुखबिर ने दावा किया है कि करीब 2-3 माह पूर्व दर्रीपारा निवासी गुरप्रीत सिंह का मोहल्ले के ही सुनील साहू और श्याम विश्वकर्मा के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों ने उनके साथ मारपीट की थी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई थी। मामले में गुरप्रीत सिंह की शिकायत पर सुनील साहू के खिलाफ मणिपुर थाने में अपराध दर्ज हुआ था।
पुलिस कार्रवाई के बाद सुनील साहू वर्तमान में सेंट्रल जेल (Central Jail Ambikapur) में निरुद्ध है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि जेल में बंद सुनील साहू का करीबी श्याम विश्वकर्मा जेल में साठगांठ कर कुछ शूटरों के संपर्क में है। इसमें राउरकेला निवासी रमेश कुमार शर्मा उर्फ टिटू, झारखंड निवासी मनोज उर्फ भद्दू सरकार और शंकर मुंडा सहित अन्य लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है।
आरोप है कि इन लोगों के माध्यम से गुरप्रीत सिंह की हत्या कराने की साजिश रची जा रही है। पत्र में इस कथित साजिश के लिए बड़ी रकम के लेनदेन की बात भी कही गई है।
पत्र में पुलिस और जेल प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही जेल में निरुद्ध सुनील साहू की जमानत पर रोक लगाने और कथित तौर पर साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करने की बात कही गई है। पत्र में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शूटरों के भी इस साजिश में शामिल होने का दावा किया गया है।
इधर पत्र मिलने के बाद गुरप्रीत सिंह ने पार्टी नेताओं (Congress Leader) के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराते हुए संभावित खतरे को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।