अंबिकापुर

पार्षद ने उठाया सवाल, कहा- पेड क्वारेंटाइन सेंटर से आखिर घर कैसे पहुंच गई कोरोना पॉजिटिव महिला

Covid-19: शिवधारी कॉलोनी के कंटेनमेंट जोन घोषित किए जाने पर वार्ड पार्षद ने कलक्टर से की मुलाकात कर रखी सारी बात, होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की उठी मांग
2 min read
• •
Updated: 1 Jun 2020, 9:57 PM IST
पार्षद ने उठाया सवाल, कहा- पेड क्वारेंटाइन सेंटर से आखिर घर कैसे पहुंच गई कोरोना पॉजिटिव महिला
Containment zone

अंबिकापुर. भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने कलक्टर से पेड क्वारंटाइन में रह रही एक महिला के पॉजीटिव मिलने पर होटल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि होटल संचालक की लापरवाही की वजह से महिला क्वारंटाइन के दौरान घर पहुंच गई। इसकी जांच कर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।


भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने बताया कि पेड क्वारंटाइन सेंटर संचालक की लापरवाही की वजह से शिवधारी कॉलोनी 28 दिवस के लिए कंटेनमेंट जोन बन गया है। इसकी वजह से पूरा क्षेत्र सील हो गया है। शिवधारी कॉलोनी की जो गर्भवती महिला कोरोना पॉजीटिव पाई गई, वह 25 मई से हैदराबाद से आकर सीधे होटल में पेड क्वॉरंटाइन में रह रही थी।

इसके बावजूद होटल संचालक ने किस आधार पर महिला को 31 मई को शिवधारी कॉलोनी आने की छूट दे दी। रविवार की देर रात महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे कॉलोनी के साथ आधे शहर में दहशत का माहौल है।


कलक्टर से की मुलाकात
पार्षद आलोक दुबे ने कलक्टर से मुलाकात कर कहा कि शहर में जहां भी पेड क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं वहां बाहर से आए संदिग्ध तथा जो कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं, उनको बिना एसडीएम के अनुमति के बाहर से आने वाले लोगों से मुलाकात नहीं करने दें। होटल संचालक द्वारा अगर बाहरी व्यक्ति से मिलने दिया जाता है तो सीधे उनके ऊपर एफआईआर दर्ज की जाए।


नहीं है कोई सुरक्षा
आलोक दुबे ने कलक्टर से कहा कि सबसे बड़ी बात है कि होटल में कोई भी सुरक्षा गार्ड नहीं है। इसकी वजह से कोई भी कभी भी वहां पहुंचकर रुकने वाले लोगों से मिल सकता है। उन्होंने बताया कि यहां रुके हुए लोग बाहर जाकर घूम रहे हैं और कार्यक्रम में भी शामिल हो रहे हैं।


कलक्टर ने जारी किया आदेश
कलक्टर संजीव झा ने चर्चा के बाद एसपी से बात कर सभी पेड क्वारंटाइन सेंटर में गनधारी सुरक्षा गार्ड लगाने की बात कही। इसके साथ ही अगर बिना किसी अधिकारी की जानकारी के अगर कोई बाहर जाता है तो तत्काल होटल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए हैं।

Updated on:
1 Jun 2020, 9:57 PM IST
Published on: