होली के दिन घर के बाहर डीजे लगाकर नशे में दोस्तों के साथ डांस कर रहा था युवक, अचानक डीजे हो गया था खराब
अंबिकापुर. होली के दिन एक युवक अपने घर के बाहर डीजे लगाकर दोस्तों के साथ डांस कर रहा था। अचानक डीजे बजना बंद हो गया तो उसने डीजे वालों से उसे बजाने कहा। उन्होंने जब कहा कि डीजे खराब हो गया है तो वह नाराज हो गया और तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। आवाज सुनकर उसकी मां बाहर निकली और युवक को डांट लगा दी।
इससे गुस्साया युवक घर के भीतर जाकर खुद को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सिर पर केरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। जब तक परिजन उसे बचाते वह गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम कोटबहरा निवासी 25 वर्षीय पनमेश्वर राम पिता स्व. मनोहर राम होली के दिन घर के बाहर डीजे लगा रखा था। उसने जमकर शराब भी पी रखी थी। नशे में धुत होकर वह अपने साथियों के साथ डीजे के गानों पर थिरक रहा था। इसी बीच अचानक डीजे खराब होकर बजना बंद हो गया। इससे वह नाराज हो गया और डीजे वाले बाबू से उसे फिर बजाने कहा।
उसने जब कहा कि डीजे खराब हो गया है तो उसने तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। डीजे में तोडफ़ोड़ करता देख उसकी मां ने उसे ऐसा करने से मना किया तो उसका पारा और चढ़ गया। इसके बाद वह वहां से निकल गया और घर के भीतर जाकर पहले तो अपने आप को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद घर में रखे मिट्टी तेल को अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली।
जब तक उसकी मां आस-पास के लोगों को बुलाकर उसे बचाती तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। परिजन उसे तत्काल लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरु कर दी है।