
नशे में रातभर पड़े रहे ASI और आरक्षक (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Drunken ASI and Constable Video Viral: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिसकर्मियों से जुड़ा एक मामला सामने आया है। शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास दुर्ग जिले में पदस्थ एक एएसआई और आरक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत हालत में पड़े मिले। दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग से एक कैदी को लेकर अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने आए थे। इस दौरान उनकी इंसास राइफल लावारिस हालत में मिली। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग से कैदी को अंबिकापुर जेल पहुंचाने आए थे। इसी दौरान प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास उनके नशे में होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी इंसास राइफल को लावारिस हालत में छोड़ दिया था। सार्वजनिक स्थान पर सरकारी हथियार इस तरह पड़े होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लावारिस हालत में मिली इंसास राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया है।
पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी केवल कैदी को सुरक्षित जेल तक पहुंचाने तक सीमित नहीं होती, बल्कि सरकारी हथियारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनके कर्तव्यों में शामिल है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर नशे में पाए जाने और इंसास राइफल को असुरक्षित हालत में छोड़ने का मामला कई सवाल खड़े करता है।
सवाल यह है कि कैदी को जेल पहुंचाने जैसी जिम्मेदारी निभाने आए पुलिसकर्मी अगर खुद कथित तौर पर नशे में पाए जाएं और सरकारी हथियार लावारिस हालत में मिले, तो सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी के प्रति जवाबदेही कैसे सुनिश्चित होगी? अब इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी।
Updated on:
19 Oct 2026 09:33 am
Published on:
19 Oct 2026 09:12 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
