
Balrampur murder, पुलिस गिरफ्त में आरोपी पति (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक युवक ने 16 अक्टूबर को चरित्र पर शंका और 2 वर्षीय बेटे को साथ ले जाने की जिद की वजह से अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या (Husband murdered wife) कर दी थी। उप सरपंच की सूचना पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर छानबीन की। पता चला कि घटना दिवस पत्नी मोबाइल पर किसी और से बातचीत कर रही थी तथा बेटे को भी साथ ले जाने की जिद पर अड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दूसरे दिन गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि उनका 2 वर्षीय बेटा अनाथ हो गया।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटागहना निवासी रामवृक्ष कोरवा 35 वर्ष, अपनी पत्नी चिंतामणि 33 वर्ष व 2 वर्षीय बेटे के साथ रह रहा था। उसे शक था उसकी पत्नी का किसी और से संबंध (Illegal relation) है। पत्नी को वह मोबाइल पर बातचीत करते देख आपत्ति जताता था। घटना दिवस 16 अक्टूबर को पत्नी मोबाइल पर किसी और से बातचीत कर रही थी, इस बात को लेकर विवाद शुरु हुआ।
इस बीच पत्नी ने कहा कि वह 2 वर्षीय बेटे रयांश को भी अपने साथ ले जाएगी। इसे लेकर विवाद और ज्यादा बढ़ गया। इससे गुस्साए रामवृक्ष कोरवा ने डंडा उठाया और पत्नी के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्से पर ताबड़तोड़ प्रहार (Stick attack) किया। इससे वह अचेत होकर गिर गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
चिंतामणि की हत्या की बात जब गांव वालों की मदद से उप सरपंच अनिल तिवारी को हुई तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना राजपुर थाने में दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी पति रामवृक्ष को गिरफ्तार (Husband arrested in wife murder case) कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया। पुलिस ने 17 अक्टूबर को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। मां की मौत और पिता के जेल चले जाने से 2 वर्षीय मासूम रयांश अनाथ हो गया।
Updated on:
18 Oct 2026 02:59 pm
Published on:
18 Oct 2026 02:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
