
Balrampur Lover murder, पुलिस गिरफ्त में आरोपी पति-पत्नी (Photo- Patrika)
बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पस्ता थाना क्षेत्र के डौरा चौकी अंतर्गत ग्राम कोदौरा से लापता हुए वसीम अंसारी की हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या (Young man murder) के आरोप में ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मनबासो ने वसीम को मोबाइल से कॉल कर मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद पति-पत्नी ने कथित रूप से पूर्व योजना के तहत कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और अपराध छिपाने के लिए शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीक्यू 3388 से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
3 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे उसकी स्कूटी मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली। इसके बाद परिजन ने डौरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच (Police investigation) शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाला के पास एक गड्ढे में व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के भाई से पहचान कराई, जिस पर उसने सिर की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार मनबासो और वसीम के बीच पूर्व से संबंध थे। घटना की शाम मनबासो ने वसीम को फोन कर मिलने बुलाया था। पुलिस (Balrampur police) का दावा है कि इसके बाद मनबासो और उसके पति सोनू ने मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर वसीम की हत्या की और शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। दोनों ने सिर व धड़ को अलग-अलग स्थान पर फेंक दिया था। पुलिस ने सोमवार को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Updated on:
05 Oct 2026 07:04 pm
Published on:
05 Oct 2026 07:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
