वाड्रफनगर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार में व्यवसायियों को अच्छी-खासी आमदनी की उम्मीद होती है, लेकिन बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर निवासी मोबाइल व्यवसायी (Theft in mobile shop) को त्योहार से पहले बड़ा झटका लगा है। दरअसल धनतेरस के दिन शुक्रवार की सुबह वह दुकान खोलने पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान से लाखों रुपए के महंगे मोबाइल गायब थे। उसे समझ में आ गया कि दुकान में चोर घुसे थे। जब वह छत पर गया तो दरवाजा कटा हुआ था। चोरों द्वारा उसे ग्राइंडर से काटा गया था। यही नहीं, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चोर साथ ले गए थे। सूचना पर वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।