
अंबिकापुर. बारिश के दिनों में मौसमी बीमारियों को लेकर संवेदनशील माने जाने वाले मैनपाट ब्लॉक के ग्रामों में प्रशासन ने हडिय़ा तोड़ अभियान (Hadiya tod campaign) शुरू कर दिया है। दरअसल कुछ दिन पूर्व ही कलक्टर संजीव कुमार झा ने मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए संवेदनशील गांवों में हडिय़ा तोड़ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
इसे लेकर अब प्रशासनिक अमला सजग हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को मैनपाट ब्लॉक में यह अभियान शुरू कर दिया गया है। एसडीएम दीपिका नेताम के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पैगा, असगवां व सुपलगा में घरों से हडिय़ा, महुआ से बनी शराब व जंगली खुखड़ी जब्त कर उसे नष्ट करने की कार्रवाई की।
इस दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों की बैठक लेकर हडिय़ा, महुआ व जंगली खुखड़ी का सेवन नहीं करने की समझाइश दी। प्रशासन का यह अभियान पूरे बारिश के मौसम तक चलेगा।
गौरतलब है कि बारिश के मौसम में मैनपाट के अधिकांश गांव बीमारियां फैलने को लेकर अति संवेदनशील हो जाते हैं। घर-घर में बड़े बर्तनों में हडिय़ा, महुआ शराब व ताड़ी बनाकर ग्रामीण लंबे समय तक इसका सेवन करते हैं। प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद ग्रामीण जागरूक नहीं हो पा रहे हैं।
बारिश के मौसम में हडिय़ा, महुआ शराब व जंगली खुखड़ी उनका मुख्य आहार बन जाता है। वे शराब को बनाकर काफी दिन तक शराब का सेवन करते हैं, भोजन भी बासी करते हैं, इससे उल्टी-दस्त व अन्य बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। गत वर्ष भी नर्मदापुर के पटेलपारा में उल्टी-दस्त का प्रकोप फैलने के बाद प्रशासनिक टीम ने संवेदनशील गांवों में अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हडिय़ा, महुआ शराब जब्त कर नष्ट किया था।
अब इस वर्ष भी बारिश का मौसम शुरू होते ही इन संवेदनशील गांवों में मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है। कलक्टर संजीव कुमार झा के निर्देश पर हडिय़ा तोड़ अभियान शुरू कर दिया गया है।
दरअसल कलक्टर ने कुछ दिन पूर्व ही बतौली की जीवनदीप समिति की बैठक में खाद्य मंत्री की उपस्थिति में अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा था कि बारिश के मौसम में पुराने हडिय़ा के सेवन से उल्टी-दस्त या अन्य बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।
इससे निपटने के लिए राजस्व विभाग एवं आबकारी विभाग संयुक्त टीम बनाकर हडिय़ा तोडऩे का अभियान (Hadiya tod campaign) चलाएं। यह अभियान पूरे बारिश के मौसम तक चलते रहना चाहिए।
इन स्थानों पर पहुंची प्रशासनिक टीम
कलक्टर के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम दीपिका नेताम के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य व पुलिस की संयुक्त टीम मैनपाट के ग्राम पैगा, असगवां व सुपलगा पहुंची। यहां टीम ने अभियान चलाकर 25 घरों से बड़ी मात्रा में हडिय़ा व महुआ से बनी शराब व जंगली खुखड़ी जब्त कर उसे नष्ट करने की कार्रवाई की।
वहीं ग्रामीण दुकानदार से 40 किलो महुआ भी जब्त किया गया। कार्रवाई में तहसीलदार उमा राज, नायब तहसीलदार डॉ. मोहन भारद्वाज, नरेंद्र यादव, एएसआई बर्मन व अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
एसडीएम ने ग्रामीणों को दी समझाइश
ग्राम असगवां, पैगा व सुपलगा में कार्रवाई के बाद एसडीएम दीपिका नेताम ने ग्रामीणों की बैठक भी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि मौसमी बीमारियों से बचने के लिए पानी उबालकर पीयें।
हडिय़ा, महुआ शराब व जंगली खुखडिय़ों व बासी भोजन का सेवन न करें। सर्दी, बुखार सहित अन्य बीमारी हो तो तत्काल मितानिन को सूचित करें और अस्पताल आकर चिकित्सक को बताएं। (Hadiya tod campaign)
चिकित्सक द्वारा दी गई दवाई का पूरा खुराक लें। एसडीएम ने बताया कि कुछ दिन ही पूर्व ही खाद्य मंत्री एवं कलक्टर द्वारा बैठक लेकर हडिय़ा एवं शराब को घरों से निकालकर तोडऩे हेतु अभियान चलाने कहा गया था जिसके परिपालन में आज मैनपाट में शुरू किया गया है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।