अंबिकापुर

गांधी स्टेडियम में बनाया जा रहा हेलीपैड, टीएस ने कलेक्टर को लिखा पत्र, बोले- बंद कराएं निर्माण

पूर्व डिप्टी सीएम ने कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम के लिए खेल मैदान को न करें बर्बाद, दूसरे मैदान का किया जा सकता है उपयोग

3 min read
Helipad construction in Gandhi stadium Ambikapur

अंबिकापुर. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इसके साथ ही चुनाव प्रचार भी तेज हो चुका है। सरगुजा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज व कांगे्रस प्रत्याशी शशि सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। वोटरों को लुभाने के लिए दोनों प्रमुख पार्टियों के बड़े नेताओं का दौरा होने वाला है। भाजपा के सबसे बड़े स्टार प्रचारक के अंबिकापुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा गांधी स्टेडियम में हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका विरोध शुरू हो चुका है। शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, वृद्ध और महिलाएं गांधी स्टेडियम मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे थे। यहां सभी गेट में ताला लगा हुआ था। इससे मॉर्निंग वॉकरों को परेशानी हुई। कई लोग निराश होकर घर लौट गए तो कई दूसरे मैदान में चले गए। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 24 अपै्रल को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 25 अपै्रल को मैदान को पूर्व की तरह ही व्यवस्थित कर दिया जाएगा।


चुनाव में बड़े स्टार प्रचारकों के आगमन को लेकर शहर के गांधी स्टेडियम में हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है। हेलीपैड का निर्माण कार्य काफी तेज गति से चल रहा है। शनिवार की सुबह शहर के लोग मॉर्निंग वॉक करने व खेलने पहुंचे थे, लेकिन स्टेडियम के दोनों गेट बंद थे और भीतर हेलीपैड का निर्माण चल रहा था।

यह देख लोग लौट गए। वहीं मामले में जिला कांग्रेस व निगम के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया है। वहीं पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कलेक्टर को पत्र लिखकर गांधी स्टेडियम में हेलीपैड निर्माण का कार्य तत्काल बंद कराने की मांग की है।

टीएस ने पत्र में ये लिखा

टीएस सिंहदेव ने कलेक्टर को प्रेषित पत्र में कहा है कि शहर के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाडिय़ों, खेल संगठनों, खेल प्रेमियों एवं आमजनों ने मुझे यह जानकारी दी है कि गांधी स्टेडियम में हैलीपैड का निर्माण कराए जाने हेतु काफी मात्रा में निर्माण सामग्री गिराई गई है।

मैं यह बताना चाहूंगा कि राजनीतिक रूप में पार्टी लाईन से बाहर जाकर हम सब ने भाजपा के दिवंगत नेता स्व. रविशंकर त्रिपाठी की पहल पर यह संकल्प लिया था कि गांधी स्टेडियम का उपयोग केवल और केवल खेल गतिविधियों के लिए किया जायेगा। खेल गतिविधियों के अलावे किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक, धार्मिक अथवा राजनीतिक गतिविधियों के लिए इस स्टेडियम का उपयोग नहीं किया जाएगा।

इस पर सबकी सहमति थी और सभी हमेशा से इस पर ध्यान भी देते आ रहे हैं। मैं गांधी स्टेडियम का उपयोग और वहां पर हैलीपैड बनाए जाने के पक्ष में नहीं हूं और इसका विरोध दर्ज कराता हूं।

सिंहदेव ने आगे कहा है कि मेरा आपसे आग्रह है शहर का एकमात्र खेल गतिविधियों का केन्द्र जहां पर सुबह-शाम खिलाडिय़ों, युवाओं से लेकर शहर के नागरिक स्वास्थ्य की दृष्टि से वॉकिंग करने यहां आते हैं।

ऐसे खेल मैदान को एक राजनीतिक कार्यक्रम की दृष्टि से बर्बाद न करें। पुलिस लाइन व पीजी कॉलेज में पहले से ही हेलीपैड बने हैं, दरिमा हवाई पट्टी भी नजदीक है, असुविधा न हो तो वहां का भी उपयोग किया जा सकता है।

पूर्ववत अवस्था में कर दिया जाएगा मैदान

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विलास भोस्कर ने बताया कि VVIP के आगमन में उच्च सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निर्धारित नियमों का पालन किया जाना अनिवार्य होता है। निर्धारित प्रोटोकॉल एवं उच्च सुरक्षा व्यवस्था के मानकों पर केवल गांधी स्टेडियम स्थल उचित पाए जाने पर उसका चयन किया गया है। इन्हीं नियमों के अनुरूप गांधी स्टेडियम में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।

VVIP की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना और जिले के आमजन की सुविधाओं का ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। 25 अप्रैल को ही जिले के खिलाडिय़ों एवं आमजन की सुविधा के मद्देनजर मैदान को प्रशासन द्वारा पूर्ववत अवस्था में कर दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी कर दिया गया है।

Updated on:
21 Apr 2024 08:56 am
Published on:
20 Apr 2024 08:29 pm
Also Read
View All
Crime in Ambikapur: स्कूटी सवार युवती से छेडख़ानी, साथ रहे भाई ने विरोध किया तो बेल्ट-डंडे से बेरहमी से पीटा, CCTV में कैद हुई करतूत

Home Loan Fraud: होम लोन के 1.05 करोड़ दिलाकर कृषि विस्तार अधिकारी से 57 लाख की ठगी, कहा था- टेंशन मत लेना, सभी किस्तें मैं भरूंगा

BJP Leader Murder Case: भाजपा नेता की जलाकर हत्या मामले में तीसरी मौत, भाई के बाद अब शिक्षक ने भी तोड़ा दम, फरसे से किया था वार

Loot in Surguja: स्कूटी सवार युवती से दिनदहाड़े 38 हजार की लूट, बाइक सवार नकाबपोशों ने थैला खींचा तो गिरकर हुई घायल

Land Fraud in Ambikapur: बेवा की 24 डिसमिल जमीन का सौदा कर करा ली 3.14 एकड़ की रजिस्ट्री, रायपुर की महिला समेत 6 के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर