
Surguja Crime, ट्रांसफॉर्मर चोर गिरोह के सदस्य (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। बिजली का ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को सरगुजा जिले की उदयपुर पुलिस ने गिरफ्तार (Thieves gang arrested) कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के ट्रांसफार्मर, केबल, तांबा कॉइल, घटना में प्रयुक्त पिकअप, बाइक व 77 हजार रुपए नकद जब्त किया है। आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर उदयपुर, लखनपुर, कमलेश्वरपुर में बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी किए थे। पहला आरोपी डांडग़ांव में उस समय पकड़ा गया जब 4 नवंबर की अलसुबह गांव के बिजली गुल हो गई। जब ग्रामीण बाहर निकले तो चोर गिरोह के 3 सदस्य ट्रांसफॉर्मर चोरी कर ले जाने की फिराक में थे। इस पर ग्रामीणों ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए थे। बाद में उदयपुर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरे को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडग़ांव में 4 नंवबर की सुबह करीब 3-4 बजे बिजली गुल हो गई। गांव के ही राजकुमार ने बाहर निकलकर देखा तो 2-3 लोग बिजली ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे हैं। इसके बाद राजकुमार ने शोर मचाया तो गांव के लोग वहां पहुंच गए। यह देख आरोपी भागने लगे तो ग्रामीणों ने दौड़ाकर 1 युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य भागने (Thieves escaped) में सफल रहे।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरिगवां निवासी जसीम खान पिता स्व. रशीद खान उम्र 28 वर्ष बताया। ग्रामीणों ने सूचना देकर आरोपी को पुलिस को सुपूर्द कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लखनपुर, कमलेश्वरपुर में भी बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करना बताया। इसकी रिपोर्ट भी संबंधित थानों में दर्ज थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी जसीम खान की निशानदेही पर फरार आरोपी मो. तशरीफ़ खान पिता मो. जलील खान 35 वर्ष, निवासी हरिगंवा, थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को भी गिरफ्तार (Transformer thieves gang arrested) किया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिकअप वाहन, 76 हजार 900 रुपए कैश, घटना में प्रयुक्त बाइक एवं ट्रांसफार्मर का तांबा कॉइल, केबल वायर, क्लेम्प, कनेक्टर, लोहे का एंगल, वायरिंग बॉक्स, स्टे रॉड, स्टे वायर, धीरी, लोहे की पट्टी व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 5 नवंबर को जेल भेज दिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Updated on:
5 Nov 2026, 8:21 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 8:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.