
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले में पिछले 6 महीने तक उत्पात मचाने के बाद आतंक का पर्याय बन चुके कबरा कान हाथी ने सरगुजा जिले के उदयपुर इलाके में भी दहशत फैलाना शुरु कर दिया है। सूरजपुर जिले से सरगुजा जिले में प्रवेश करने के दौरान बुधवार की रात उसने ग्राम उमेश्वरपुर में एक महिला को कुचलकर मार (Elephant killed woman) दिया था। फिलहाल हाथी उदयपुर इलाके में विचरण कर रहा है। इसी बीच गुरुवार की शाम 70 वर्षीय महिला को उसने मार डाला। वहीं उसके हमले में एक अन्य महिला का पैर टूट गया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर वन अमला कबरा कान हाथी की निगरानी में लगा हुआ है, लेकिन वह कंट्रोल नहीं हो रहा है। बता दें कि कबरा कान हाथी ने अब तक 109 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है।
सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर कबरा कान हाथी पिछले कई दिनों से आतंक मचा रहा है। बुधवार की रात हाथी सूरजपुर जिले के उमेश्वरपुर के श्यामनगर में पहुंच गया। इसकी जानकारी मिलने पर रात करीब 11 बजे महिला दिलासो उम्र 45 वर्ष अपने पति बेटे को सतर्क करने के लिए घर से निकली थी।
इस दौरान महिला का पति आगे निकल गया और बेटा घर का दरवाजा बंद करने के लिए पीछे रह गया। तभी अचानक हाथी ने दिलासो पर हमला कर दिया और उसे कुचल दिया। कबरा हाथी (Kabra elephant in Udaypur) पिछले चार दिनों में 4 लोगों की जान ले चुका है। जबकि पिछले 6 माह में 18 लोगों की मौत के घाट उतार चुका है।
सूरजपुर के उमेश्वरपुर में महिला की जान लेने के बाद कबरा हाथी देर रात लक्ष्मीपुर से उदयपुर वनपरिक्षेत्र में पहुंच गया है। फिलहाल हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी के जंगल में है। गुरुवार को झिरमिटी निवासी 70 वर्षीय महिला चेंगटी को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वृद्धा घर के पास बाड़ी में बैठी थी। वह चल फिर भी नहीं सकती थी। इस लिए वह भाग नहीं पाई।
इधर देर शाम ग्राम झिरमिटी में ही खेत में धान काट रही महिला वर्षा ठाकुर 45 वर्ष पर हमला (Elephant attack) कर दिया। हाथी के हमले में महिला का पैर टूट गया है। उसे इलाज के लिए उदयपुर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर वन विभाग लगातार निकरानी कर रही है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उदयपुर ब्लोक के स्कूलों में शिक्षा विभाग द्वारा छुट्टी घोषित कर दी गई। वन विभाग ड्रोन की मदद से हाथी की निगरानी कर रहा है। वन विभाग ने लोगों से हाथी से दूर रहने व जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है।
कबरा हाथी लगातार लोगों की जान ले रहा है। इससे लोग दहशत में हैं। वन विभाग के लिए यह हाथी सिर दर्द बन चुका है। सीसीएफ सरगुजा संभाग ने राज्य शासन से हाथी को टै्रैक करने के लिए रेडियो कॉलर (Radio Caller) लगाने की अनुमति मांगी थी। इसके लिए पीसीसीएफ वन्य प्राणी छत्तीसगढ़ को प्रस्ताव भेजा गया था। पीसीसीएफ ने आदेश जारी कर हाथी को ट्रैंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दी है।