Lawyers election: सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ का सोमवार को हुआ चुनाव, पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान निर्वाचित अध्यक्ष के मध्य रहा मुख्य मुकाबला, 778 अधिवक्ताओं में से 662 ने की वोटिंग
अंबिकापुर. Lawyers election: सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में अधिवक्ता हेमंत तिवारी ने बाजी मारी। मतगणना के बाद उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता को 178 मत से पराजित किया। वहीं अधिवक्ता विजय तिवारी ने सचिव के पद पर कब्जा जमाया। जीत के बाद अध्यक्ष, सचिव सहित अन्य निर्वाचित सदस्यों के समर्थकों ने पुष्पगुच्छ, फूलमाला पहनाकर व मिठाई खिलाकर ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि राजस्व न्यायालय में फैली भर्राशाही को समाप्त करने के साथ ही न्यायालय में न्याय का राज्य स्थापित कर पुराने लंबित कार्यों को पूर्ण करना उनकी प्राथमिकता में है। गौरतलब है कि अध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाया था।
सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के लिए सोमवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के अधिवक्ता कक्ष में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हुई। सुबह 10.30 बजे से चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में काफी गहमा-गहमी थी। अध्यक्ष पद के लिए ३ प्रत्याशी मैदान में थे। इसकी वजह से मुकाबला त्रिकोणीय रहा। लेकिन इस पद के लिए सिर्फ हेमंत तिवारी व प्रवीण गुप्ता के बीच ही मुकाबला देखने को मिला।
मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी पीआर कश्यप द्वारा परिणामों की घोषणा की गई। इस बार अधिवक्ताओं ने पूर्व अध्यक्ष पर भरोसा न जताते हुए हेमंत तिवारी पर विश्वास किया।
हेमंत तिवारी को 395 मत प्राप्त हुए, जबकि प्रवीण गुप्ता को 217 मत मिले। इस तरह १७८ मतों से जीत दर्ज कर हेमंत तिवारी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। वहीं तीसरे प्रत्याशी उदयराज तिवारी को मात्र ८४ मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद के लिए ये थे मैदान में
उपाध्यक्ष पद पुरूष के लिए अनुक प्रताप टेकाम, डीएस ठाकुर व केके मिस्त्री चुनाव मैदान में थे। इसमें अनुक प्रताप टेकाम को 318 व केके मिस्त्री को 308 मत मिले। जबकि डीएस ठाकुर को 68 मत मिले।
इस तरह अनुक प्रताप टेगाम ने निकटम प्रतिद्वंदी केके मिस्त्री को 10 वोट से हराकर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं महिला उपाध्यक्ष पद के लिए ज्योति ङ्क्षसह ने जीत हासिल की है। ज्योति सिंह को 378 मत प्राप्त हुए जबकि आशा जायसवाल को 318 वोट मिले।
विजय तिवारी बने सचिव
सचिव पद के लिए दो प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें विजय तिवारी को 501 मत प्राप्त हुए, जबकि अशोक ठाकुर को 237 मत मिले। इस तरह विजय तिवारी ने 264 मतों से अशोक ठाकुर को हराकर सचिव पद पर कब्जा जमाया।
यह भी पढ़ें: Video: 10वीं बोर्ड की परीक्षा में शिक्षिका ही करा रही थी सामूहिक नकल, वीडियो देख आप भी रह जाएंगे हैरान
मनोज बने कोषाध्यक्ष
कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इसमें मनोज अम्बष्ट को 357 वोट जबकि विद्याभुषण श्रीवास्तव को 249 वोट मिले। वहीं अनिल कुमार सिन्हा को मात्र 82 वोट ही मिले। इस तरह सबसे ज्यादा वोट पाकर मनोज अम्बष्ट ने कोषाध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया है।
कार्यकारिणी सदस्य में इन्हें मिला अधिकतम वोट
कार्यकारिणी सदस्य के लिए कुल 12 अधिवक्ता चुनाव में खड़े थे। इसमें अधिकतम वोट अनिल सोनी को 382, अशोक सिंह को 354, चंद्रेश नंदन झा को 356, रवि वर्मा को 372 व उमंग दुबे को 375 वोट मिले हैं।