Live Sarguja Lok Sabha Election Result 2024: सरगुजा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने 64 हजार 843 वोट से दर्ज की जीत
अंबिकापुर. Live Sarguja Lok Sabha Election Result 2024: लोकसभा चुनाव 2024 का अंतिम परिणाम आ गया है। सरगुजा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने 64 हजार 843 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह को सीधे मुकाबले में हराया। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ‘नोटा’ (नन ऑफ द एबव) तीसरे स्थान पर रहा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी व बहुजन समाज पार्टी जैसी बड़ी पार्टियों को भी NOTA से कम वोट मिले। सरगुजा सीट से 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे थे।
भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा पिछले कई चुनावों से मतदाताओं के लिए 'नोटा' का विकल्प भी दिया जा रहा है। ऐसे मतदाता जिन्हें कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं है, उसके लिए यह विकल्प है। इस लोकसभा चुनाव में काफी संख्या में मतदाताओं ने 'नोटा' को वोट किया।
आलम यह है कि सरगुजा संसदीय सीट से जहां भाजपा प्रत्याशी को 7 लाख 12 हजार 172 वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी को 6 लाख 47 हजार 329 वोट मिले। इसमें भाजपा प्रत्याशी ने 64 हजार 843 वोट से जीत दर्ज की।
सरगुजा सीट से 'नोटा' तीसरे स्थान पर रहा। इसे 28 हजार 107 वोट मिले। जबकि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के डॉ. एलएस उदय सिंह को 15 हजार 626 वोट जबकि बसपा के संजय कुमार को 15 हजार 182 वोट मिले। सबसे कम वोट भारत आदिवासी पार्टी के जेरोम मिंज को मात्र 3 हजार 35 वोट मिले।