
अंबिकापुर. मौसम (Weather) के उतार चढ़ाव और बिना मौसम बारिश से रबी की बोवाई और धान की फसल की कटाई के सीजन में किसानों की चिंता बढ़ गई है।
निवार तूफान (Nivar cyclone) के असर से गुरुवार की रात से लेकर दिन के 11 बजे तक रूक-रूक कर हुई बारिश ने किसानों की नींद उड़ा दी है। बारिश से खेत में जहां धान की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है, वहीं खलिहान में रखे धान भीग गए हैं।
मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि यह निवार तूफान का असर है। हालांकि निवार तूफान अब कमजोर पड़ गया है। संभावना है कि शुक्रवार देर रात से बादल छंटने शुरू हो जाएंगे।
अगर बादल छंटते हंै तो शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रह सकता है। इधर कई दिनों से आसमान में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के साथ गुरुवार की रात भर बारिश से किसानों के होश उड़े हुए हैं। उनके माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही हैं।
किसानों को इस बात की चिंता है कि अधिक बारिश हो गई तो धान की फसल को तो नुकसान होगा ही, रबी की बोवाई भी पिछड़ जाएगी। मौमस विज्ञानी ने बताया कि लगभग 18 मिमी बारिश हो चुकी है।
यह बारिश एक बार में नहीं हुई है। गुरुवार की रात से हल्की हल्की-हल्की बारिश हो रही है। इस कारण बारिश का पानी धान के ढेर के अंदर घुस सकता है और धान गीला होने से खराब हो सकता है।
पिछले साल भी बर्बाद हुई थी फसल
पिछले साल भी नवंबर के अंत में और दिसंबर के मध्य में हुई भारी बारिश और तेज हवा से किसानों को काफी नुकसान पहुंचा था। धान की फसल खेतों में सड़ गई थी। खलिहान में पड़े धान भी खराब हो गए थे। इस साल भी बारिश होने से किसान परेशान हो उठे हैं। किसानों को अब बैंकों से कर्ज लेकर खेती करने और उसे जमा करने की चिंता सताने लगी है।
बादल छंटते ही गिरेगा तापमान
तमिलनाडू में आए निवार तूफान (Nivar cyclone) का असर छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, यूपी सहित अन्य राज्यों में देखा जा रहा है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादल (Cloud) छाए हुए हैं। अब यह तूफान जमीन से टकराने के बाद धीरे-धीरे कमजोर पडऩा शुरू हो गया है। शुक्रवार रात से आसमान में बादल छंटना शुरू हो जाएंगे।
पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए रहने के कारण ठंड (Cold) का अहसास हुआ। हल्की बारिश होने से ठंड और बढ़ गई है। बादल छंटते ही पारा में और गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रहा।