
Ambikapur news, एसपी को ज्ञापन सौंपते जिलाध्यक्ष समेत अन्य कांग्रेसी (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू (Congress leader Gurupreet Singh Siddhu) एवं उनकी पत्नी पर जानलेवा हमले में निष्पक्ष जांच की मांग कांग्रेसियों ने की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एसपी से मिला। उन्होंने कांग्रेसियों को पुलिस प्रोटेक्शन देने तथा गुरुप्रीत सिंह पर हमले में संदेह के दायरे में मौजूद लोगों का नाम भी एफआईआर में जोडऩे की मांग की है। बता दें कि 29 अगस्त की रात कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिह सिद्धु के घर घुसकर उनकी एवं उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। इस जानलेवा हमले में घायल गुरुप्रीत सिंह सिद्धू का इलाज रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में जारी है।
मारपीट में घायल कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ है। हमले में शामिल लोग प्रकाश साहू के रिश्तेदार और व्यावसायिक भागीदार हैं। इस मामले में दर्ज की गई एफआईआर में प्रकाश साहू का भी नाम जोडऩे की मांग प्रतिनिधिमंडल ने की है।
एसपी से चर्चा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रकाश साहू आदतन बदमाश है। इस घटना के उपरांत उसका पीडि़त पक्ष से पहले थाने पहुंचना यह बतलाता है कि उसकी जानकारी में घटना को अंजाम दिया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उसके पुराने अपराधों का विवरण देते हुए पुलिस अधीक्षक से उसके विरुद्ध रासुका के तहत कार्यवाही की मांग की।
वहीं निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने घटना के दौरान हमलावरों से मोबाइल संपर्क में मौजूद सभी लोगों के पहचान की मांग की है ताकि इस घटना के षड्यंत्र के सूत्रधार का पता चल सके।
इधर मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मारपीट मामले के साथ ही हाल ही में चर्चित उन सभी मामलों को विधानसभा में प्रश्न हेतु भेजने की बात की है, जिनमें भाजपा के लोगों की संलिप्तता है तथा पुलिस राजनीतिक दबाववश कार्यवाही नहीं कर पा रही है। प्रतिनिधि मंडल के साथ मौजूद अजजा आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, इरफान सिद्दकी ने भी इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कानून व्यवस्था बहाल करने की मांग एसपी से की है।
प्रतिनिधि मंडल के साथ अरविंद सिंह, हेमंत तिवारी, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, मदन जायसवाल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, आशीष वर्मा, नरेंद्र विश्वकर्मा, जमील खान, जीवन यादव, आलोक सिह, चंद्रप्रकाश सिह, रजनीश सिह, निक्की खान, सतीश बारी, बल्केश्वर तिर्की, सौरभ फिलिप, अमित तिवारी राजा, आशीष जायसवाल, अविनाश कुमार, अमित सिंह, विकास शर्मा, मो. इमरान, तरणराज बाबरा, शिवांशु गुप्ता, अंकित जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे।
Updated on:
31 Aug 2026 08:05 pm
Published on:
31 Aug 2026 08:05 pm
