
LPG Free City, पीएनजी गैस कनेक्शन (Photo- Patrika)
बैकुंठपुर। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने मनेंद्रगढ़ में डीसीयू (डी-कंप्रेशन यूनिट) गैस प्लांट स्थापित कर पाइपलाइन से घर-घर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की रिफिलिंग 451 घरों में शुरू कर दी है। वहीं 4000 अन्य घरों में कनेक्शन (PNG Gas supply) हुआ है, जहां प्लांट से गैस कनेक्शन का काम जोर-शोर से चल रहा है। शहर में सरकारी और निजी 7 हजार से अधिक घरों में कनेक्शन करने के बाद मनेंद्रगढ़ को एलपीजी फ्री सिटी घोषित करने की तैयारी है। इसके बाद मनेंद्रगढ़ को छत्तीसगढ़ का पहला एलपीजी फ्री सिटी का तमगा मिलेगा। इसके लिए 3 पेट्रोलिंग कंपनिया सर्वे कर एलपीजी सिलेंडर सरेंडर कराएंगीं।
बता दें कि मनेंद्रगढ़ में छत्तीसगढ़ का पहला नेचुरल घरेलू गैस प्लांट (Natural domestic gas plant) स्थापित है। प्रोजेक्ट की कुल लागत 1125 करोड़ है। योजना के तहत 5 जिले एमसीबी सहित कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा और बलरामपुर में सेवाएं शुरू होनी है। इसमें 54 सब-स्टेशन के जरिए घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचेगी। पहले चरण में मनेंद्रगढ़ में पाइपलाइन से घरों में गैस की आपूर्ति शुरू हुई है।
शहर में 451 एक्टिव कनेक्शन है, 4000 नए घरों में आपूर्ति की तैयारी चल रही है। आने वाले समय में शहर के प्रत्येक घरों में पाइपलाइन के जरिए नेचुरल गैस की आपूर्ति की जाएगी। पाइपलाइन गैस व्यवस्था लागू होने से लोगों को गैस सिलेंडर लेने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। उपभोक्ता जितना गैस उपयोग करेंगे, उतना ही मासिक बिल का भुगतान करेंगे।
यह योजना बीपीसीएल के पीएनजीआरबी की पीएनजी ड्राइव 2.0 के तहत चल रहा हुआ है। १०१ किलोमीटर दूर शहडोल मध्यप्रदेश से पाइपलाइन पहुंची है, जो मनेंद्रगढ़ सब स्टेशन से कनेक्ट है, जहां से वार्डों में 451 लोगों ने कनेक्शन दिया गया है। हालांकि शहर में सरकारी और निजी 7 हजार से अधिक घर हैं। बीपीसीएल (BPCL) के मुताबिक शहडोल मध्यप्रदेश के रास्ते से मनेद्रगढ़ में योजना शुरू की गई है। इस योजना को 5 जिले में प्रारंभ करने की प्लानिंग है।
योजना के तहत घर के बाहर एक मीटर पाइप लाइन के साथ लगाया गया है। किसी भी घर के अंदर गैस लीक होती है तो तत्काल उस मीटर में एक इमरजेंसी नंबर है, उसमें कॉल करने से ड्यूटी में 24 घंटे राउंड में रहने वाले कर्मचारी 10 मिनट के अंदर शिकायतकर्ता पहुंचेंगे। यह सस्ता होने के बाद अन्य गैस की तुलना में 15 दिन ज्यादा चलता है। यह भारत सरकार की एक सरल और सुलभ योजना है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह खरा है और सस्ता भी है।
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (Hindustan Petroliam Company) संयुक्त रूप से काम कर रही हैं। लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस ऑर्डर २००० में १४ मार्च २०२६ को किए गए संशोधन के अनुसार जिन व्यक्तियों के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन है और घरेलू गैस एलपीजी कनेक्शन भी है। वे एलपीजी कनेक्शन नहीं रख सकते हैं और न ही किसी ऑयल कंपनी या वितरक से एलपीजी रिफिलिंग करा सकते हैं।
इसलिए नेचुरल गैस एंड पेट्रालियम प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूटर ऑर्डर 2026 के तहत सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर (सीजीडी) नेटवर्क से पीएनजी कनेक्शन करा लें। सूचना जारी होने के 3 महीने बाद एलपीजी की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। शहर में 7 हजार से ज्यादा घरों में पाइपलाइन से कनेक्शन होने के बाद 3 पेट्रोलियम कंपनी सर्वे कराएंगीं। पहले चरण में पूरे शहर की जगह कुछ चिह्नित एरिया के एलपीजी गैस सिलेंडर सरेंडर कराए जाएंगे, फिर एलपीजी फ्री जोन घोषित किया जाएगा।
इस संबंध में सीजी-1 बीपीसीएल अंबिकापुर (BPCL Ambikapur) के टेरिटरी मैनेजर गैस अंकुर सारंगी का कहना है कि मनेंद्रगढ़ के 451 घरों में सप्लाई शुरू हो चुकी है। वहीं 4000 अन्य घरों में कनेक्शन हुआ है, जहां प्लांट से गैस कनेक्शन कर आपूर्ति की जाएगी। साथ ही शेष घरों में कनेक्शन कराया जाएगा। वहीं तीन पेट्रोलियम कंपनी संयुक्त सर्वे कर एलपीजी कनेक्शन को सरेंडर कराएगी। पहले चरण में शहर के अलग-अलग हिस्से को एलपीजी फ्री जोन घोषित करेंगे। उसके बाद पूरे शहर को एलपीजी फ्री बनाया जाएगा। जहां एलपीजी गैस का उपयोग नहीं होगा।
Updated on:
31 Aug 2026 05:12 pm
Published on:
31 Aug 2026 05:12 pm
