
अंबिकापुर. शहर में हुई कई चोरियों में शामिल युवक को क्राइम ब्रांच व कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने युवक को प्रतीक्षा बस स्टैंड से पकड़ा। शहर के मेगा शॉप में 7 दिन पूर्व उसने 15 हजार रुपए नकद समेत कपड़े पार किए थे।
दुकान के बाहर व भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे से बचने उसने नकाब पहन रखा था। पुलिस ने बताया कि पूर्व में भी वह शहर में हुई करीब 20 चोरियों में शामिल था। इस दौरान उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था।
शहर में लगातार हो रही चोरी के आरोपी को पकडऩा पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। इसी बीच 5 नवंबर को खरसिया चौक स्थित बंसल मेडिकल एजेंसी से 35 हजार रुपए नकद तथा 21 नवंबर को अंबेडकर चौक स्थित मेगा शॉप में 15 हजार रुपए नकद समेत कुल 28 हजार रुपए के कपड़ों की चोरी हुई थी।
कोतवाली व गांधीनगर थाने में दर्ज इन दोनों चोरियों के आरोपी को पकडऩे एसपी सदानंद कुमार के निर्देशन तथा एएसपी आरके साहू व सीएसपी आरएन यादव के मार्गदर्शन ेमें क्राइम ब्रांच के साथ दोनों थाने की पुलिस लगी हुई थी। पुलिस ने दोनों जगह के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले थे। इसमें उन्हें महत्वपूर्ण सुराग हासिल हुआ था।
इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक संदिग्ध रूप से प्रतीक्षा बस स्टैंड में घूम रहा है। सूचना मिले ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम बलरामपुर जिले के राजपुर थानांतर्गत ग्राम कावडू, अलखडीहा निवासी राहुल कुमार नाग पिता कइला राम 29 वर्ष बताया। उसने मेगा शॉप समेत बंसल मेडिकल एजेंसी में चोरी करना भी स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दोनों चोरियों में दर्ज धारा 457, 380 के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसी के पतले पाइप से चढ़ा था तीसरी मंजिल पर
शातिर चोर ने पुलिस को बताया कि मेगा शॉप में चोरी करने वह दुकान के पीछे से एसी के पतले पाइप से तीसरी मंजिल पर चढ़ा था। यहां उसने सीसीटीवी कैमरे को बंद किया और काउंटर से नकद रुपए निकाल लिए। इसके बाद उसने अपने नाप की पैंट समेत काफी संख्या में कपड़े भी पार कर दिए।
पुलिस ने उसके पास से 1500 रुपए नकद व कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2015 में 18 बाइक की चोरी में भी शामिल था। उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में साइबर सेल व क्राइम ब्रांच प्रभारी मनीष यादव, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, आरक्षक भोजराज पासवान, राकेश शर्मा, दीनदयाल सिंह, जयदीप सिंह, जितेश साहू, अमित विश्वकर्मा, विरेंद्र पैंकरा, अनुज जायसवाल, बृजेश राय, विवेक राय, मनीष यादव, राहुल सिंह, अमृत सिंह, महिला आरक्षक स्मिता रागिनी शामिल रहे।
वहीं गांधीनगर थाने के एएसआई अलंगो दास, अतिल सोनवानी तथा कोतवाली टीआई विनय सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक राजेश सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।