अंबिकापुर

केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका बोलीं- राजनीति छोड़ छत्तीसगढ़ की बलात्कार पीडि़त बेटियों को इंसाफ दिलाए गांधी परिवार

Renuka Singh: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी से युवकों ने की थी हैवानियत, जमकर पीटा था फिर गला दबाकर खिला दी थी गोली
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2020, 4:39 PM IST
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका बोलीं- राजनीति छोड़ छत्तीसगढ़ की बलात्कार पीडि़त बेटियों को इंसाफ दिलाए गांधी परिवार
Surguja MP Renuka Singh

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले वाड्रफनगर चौकी अंतर्गत एक गांव में 27-28 जून को 15 वर्षीय किशोरी के साथ युवकों द्वारा हैवानियत की गई थी। युवकों ने किशोरी की पिटाई करने के बाद गला दबाया था तथा बेहोशी की गोली खिलाकर कथित रूप से बलात्कार (Rape) किया था।

इस मामले में आरोपी युवकों के परिजनों ने किशोरी के पिता पर समझौता करने का भी दबाव बनाया था। गंभीर हालत में किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इस मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री व सरगुजा सांसद रेणुका सिंह (MP Renuka Singh) ने दिल्ली से पीडि़त परिवार व किशोरी से फोन पर बात की तथा उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति छोडक़र गांधी परिवार छत्तीसगढ़ की बलात्कार पीडि़त बेटियों को इंसाफ दिलाए।


केंद्रीय राज्य मंत्री (Renuka Singh) ने उक्त मामले का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऐसा पहला मामला नहीं है, इस प्रकार के मामले छत्तीसगढ़ में निरंतर बढ़ रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रदेश में नाबालिग बच्चियां बलात्कार की निरंतर शिकार हो रही हैं। देश में बच्चों के अपहरण के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य 7वें स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि देश में भाजपा शासित राज्यों में राजनीति की मानसिकता से हर मामले में आवाज़ उठाने वाले गांधी परिवार आज छत्तीसगढ़ में हो रहे अपराधों पर पूरी तरह मौन है। यूपी के हाथरस में युवती से हुई हैवानियत के मामले में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) एवं प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) आंदोलन करने पहुंच गए।

इस पर केंद्रीय जनजाति राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने सवाल करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में अपराध निरंतर बढ़ते जा रहे हैं, अपराधियों के हौसले बुलंद है। यहां बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, प्रदेश में जंगलराज कायम है।


राहुल-प्रियंका कब आएंगे छत्तीसगढ़
रेणुका सिंह ने कहा कि वाड्रफनगर चौकी अंतर्गत ग्राम लोधी में नाबालिग से हैवानियत की घटना पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र जनता के सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि क्या इस मामले में सोनिया गांधी (Soniya Gandhi), राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पीडि़त परिवार से मिलने छत्तीसगढ़़ आएंगे।


भाजपा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा था मिलने
इधर शुक्रवार को भाजपा प्रतिनिधिमंडल पीडि़त परिवार से मिलने पहुंचा था। छत्तीसगढ़ नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी पीडि़त परिवार से बात की थी।

उन्होंने इतने दिन बाद भी पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई न करने पर सवाल उठाए थे। वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने कांग्रेस पर सिलेक्टिव होकर रेप की घटनाओं पर राजनीति करने का आरोप लगाया था।

Updated on:
3 Oct 2020, 4:39 PM IST
Published on: