
अंबिकापुर. वैवाहिक कार्यक्रम शुरू होते ही प्रशासन व पुलिस की चुस्ती भी दिखने लगी है। शहर के होटलों व मैरिज हॉल के संचालकों की बुधवार को कोतवाली में एसडीएम व सीएसपी ने बैठक लेकर दो टूक कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन विवाह कार्यक्रम में करना अनिवार्य होगा। निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करने की चेतावनी दी गई।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा किसी भी आयोजन में डीजे अथवा अन्य म्यूजिक सिस्टम उपयोग करने हेतु जरूरी निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार रात के 10 बजे तक ही डीजे अथवा म्यूजिक सिस्टम का उपयोग किया जा सकता है।
वैवाहिक आयोजन शुरू होते ही कोतवाली में बुधवार को एसडीएम अजय त्रिपाठी व सीएसपी आरएन यादव ने शहर में संचालित विभिन्न मैरिज हॉल व होटल संचालकों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से सभी को कहा कि सुप्रीम कोर्ट के गाइड लाइन के अनुसार रात 10 बजे के बाद किसी प्रकार से डीजे का उपयोग करना वर्जित है।
इसके साथ ही अन्य म्यूजिक सिस्टम भी रात के 10 बजे तक ही उपयोग किए जा सकते हैं। इसके बाद किसी भी होटल अथवा मैरिज हॉल में डीजे का उपयोग करते पाया जाता है तो संबंधित होटल संचालक व मैरिज हॉल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्वयं करें पार्किंग व्यवस्था
शहर के अधिकांश होटलों व मैरिज हॉल के सामने पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से हमेशा सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसे ध्यान में रखते हुए एसडीएम व सीएसपी ने सभी होटल संचालकों को स्पष्ट रूप से कहा है कि वे विवाह के दौरान अपने संस्थान के बाहर पार्किंग व्यवस्था बनाएं, ताकि मार्ग से गुजरने वालों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।
निर्देशों का नहीं करते हैं पालन
हमेशा प्रशासन व पुलिस द्वारा इस तरह के निर्देंशों के पालन हेतु बैठक कर जरूरी समझाइश दी जाती है लेकिन आयोजन के दौरान इसपर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है। इसकी वजह से कई बार सड़क से गुजरने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।