लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत पुहपुटरा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था से नाराज 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को विरोध (School students protest) का रास्ता अपना लिया। शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति, नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं होने और विषयवार शिक्षकों की कमी से परेशान विद्यार्थी करीब 8 किलोमीटर पैदल अपनी शिकायत लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी से मिलने निकल पड़े। विद्यार्थियों के इस कदम से शिक्षा विभाग में हडक़ंप मच गया। पैदल मार्च करते हुए छात्र-छात्राएं जनपद कार्यालय के पास पहुंचे, जहां मामले की जानकारी मिलते ही बीईओ, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रास्ते में रोककर उनसे चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं।