पुलिया में पलट गया कोयला लोड ट्रेलर तो बड़ा भाई फंस गया था वाहन में, जब उसे निकाला गया तो तोड़ चुका था दम
लखनपुर. अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम नवापारा के पास सोमवार की शाम परसा केते माइंस से कोयला लोड कर आ रही ट्रेलर क्रमांक सीजी १५ बी ३७७४ अनियंत्रित पुलिया के नीचे पलट गया। इस हादसे में ट्रेलर का क्लीनर बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने जब उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए भिजवा दिया। इधर हादसे में ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। बताया जा रहा है कि छोटा भाई ट्रेलर चला रहा था और बड़ा उसी वाहन में खलासी था।
झारखंड के ग्राम घुरवा निवासी 45 वर्षीय अकबर अंसारी पिता आबिद अंसारी ट्रेलर क्रमांक सीजी १५ बी ३७७४ में खलासी का काम करता था। जबकि उसकी छोटा भाई ३५ वर्षीय मंजर आलम उसी टे्रलर का ड्राइवर था। सोमवार की शाम दोनों टे्रलर में कोयला लोड कर उदयपुर विकासखंड के परसा केते स्थित माइंस से कोयला लोड कर कमलपुर के लिए निकले थे।
वे अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित ग्राम नवापारा पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे पलट गया। हादसे में छोटे भाई को तो मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा भाई वाहन के भीतर ही फंस गया। छोटे भाई ने उसे निकालने की काफी कोशिश की लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसने फंसे खलासी को निकालने मशक्कत शुरु की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्लीनर को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शरीर के कमर वाला हिस्सा गंभीर रूप से जख्मी हो चुका था। पुलिस ने पंचनामा पश्चात उसके शव को पीएम के लिए भिजवाया।
मोबाइल पर छोटे भाई ने अपने परिजनों को भी झारखंड में सूचना दी। पीएम के बाद मंगलवार को उसका शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।