
नई दिल्ली। आतंकवाद और आतंकी संगठनों को पनाह देने को लेकर पाकिस्तान लगातार घिरता नजर आ रहा है। अब अमरीकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने अपने भारत दौरे से ठीक पहले पाकिस्तान को जमकर फटकार लगाई है। टिलरसन ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि वह तालिबान और दूसरी आतंकी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। अमरीकी विदेश मंत्री ने सोमवार को काबुल में कहा कि पाकिस्तान को जिम्मेदारी भरा रवैया अख्तियार करते हुए अफगानिस्तान के हालातों को भी समझना चाहिए। भारत के दौरे से ठीक पहले अमरीकी विदेश मंत्री द्वारा पाकिस्तान को फटकार को भारत एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि मानक चल रहा है। बता दें कि अमरीका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन मंगलवार को भारत के 2 दिन के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह बुधवार सुबह दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे।
भारत की भूमिका को सराहा
टिलरसन ने कहा कि पाकिस्तान में सुरक्षा और स्थितरता के लिए अमरीका पाकिस्तान के साथ मिलकर काम करना चाहता है। हालांकि अमरीकी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि अमरीका और पाकिस्तान के संबंध शर्तों पर आधारति हैं, जिसका उसको ख्याल रखना चाहिए। टिलरसन ने यह भी कहा कि अपने देश में स्थिरता और सुरक्षा का माहौल तैयार करने के लिए पाकिस्तान को अफगानिस्तान में शांति बहाली की प्रक्रिया में मजबूत भागीदार बनकर खड़ा होना चाहिए। अपनी अफगान नीति में भारत की अहम भूमिका को लेकर टिलरसन ने कहा कि अमरीका समझता है कि अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता के लिए भारत एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत अफगानिस्तान में अहम आर्थिक गतिविधियां और रोजगार सृजन कर रहा है, काबुल के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण है। मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर आ रहे टिलरसन यहां पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।