पुलिस ने मृतकों के नाम जारी करने से इनकार कर दिया और कहा है कि दुर्घटना की आगे जांच चल रही है
न्यूयार्क। अमरीका में एक भीषण कार दुर्घटना में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना तब हुई जब चौराहे पर एक लिमोसिन कार रुकने में नाकाम रही और पार्क की गई एक अन्य कार से बुरी तरह टकरा गयी। इस घटना में 20 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। यह दुर्घटना तब हुई जब 2001 मॉडल की फोर्ड लिमोसिन कार श्कोहारी में रूट नम्बर 30 पर यात्रा कर रही थी। एक इंटरसेक्शन क्रॉसिंग पर ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वहीं रुकी एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना न्यूयॉर्क शहर से लगभग 257 किमी दूरी पर हुई।
20 लोगों की मौत
रविवार को हुई दुर्घटना के बाद हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने कहा कि सभी 20 पीड़ित वयस्क थे जिनमें लिमोसिन के 18 लोग और 2 पैदल चलने वाले लोग थे। न्यूयार्क स्टेट पुलिस के पहले डिप्टी अधीक्षक क्रिस्टोफर फिओर ने प्रेस को बताया कि लिमोसिन के अंदर बैठे सभी व्यक्ति मारे गए। अधिकारियों ने कहा कि अभी वह पीड़ितों के परिवारों को सूचित कर रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के नाम जारी करने से इनकार कर दिया है। बताया गया है कि दुर्घटना की और आगे जांच चल रही है। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) के जांचकर्ताओं को जांच में सहायता के लिए साइट पर भेजा गया है । एनटीएसबी के चेयरमैन रॉबर्ट सुमाल्ट ने कहा कि दुर्घटना यह फरवरी 2009 के बाद देश में सबसे घातक परिवहन दुर्घटना है। न्यूयार्क के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने रविवार को एक बयान में कहा कि उन्होंने राज्य एजेंसियों को निर्देश दिया है कि इस जांच में सहायता के लिए आवश्यक हर संसाधन प्रदान करें और इस बात का पता लगाएं कि इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हो गई।
भयानक दुर्घटना
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के चालक का नियंत्रण हट गया था। इस बात का अब भी पता लगाया जा रहा है कि कार के चालक ने ब्रेक मारने की कोशिश की थी या नहीं । इस बात की भी जांच की जा रहा है कि गाड़ी के ब्रेक फेल तो नहीं थे। शुरुआती रिपोर्टों से पता चला कि कार में बैठे लोग किसी विवाह समारोह में जा रहे थे लेकिन बाद में कहा गया कि वे जन्मदिन की पार्टी में जा रहे थे।