अमरीका

फेसबुक का बड़ा फैसला, ब्राजील राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की मदद करने वाले संदिग्ध एकाउंट्स और पेज बंद

फेसबुक ने जोर देकर कहा कि वे जिस प्रकार की सामग्री पोस्ट कर रहे थे, उसके कारण इन पेजों और खातों को स्पैम माना गया है
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2018, 12:44 PM IST
Brazil presidential candidate
फेसबुक का बड़ा फैसला, ब्राजील राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की मदद करने वाले संदिग्ध एकाउंट्स और पेज बंद

ब्राजीलिया। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक ने ब्राजील के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जैयर बोल्सनारो की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए कुछ पेज और खातों को बंद कर दिया है। फेसबुक ने दक्षिणपंथी उम्मीदवार जैयर बोल्सनारो से जुड़े एक मार्केटिंग समूह के 68 पृष्ठों और 43 खातों को बंद कर दिया है। फेसबुक ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि उसने गलत बयानी और स्पैम नीतियों का उल्लंघन करने के लिए रैपोसस फर्नांडीस एसोसिएट्स (आरएफए) से जुड़े पृष्ठों और खातों के खिलाफ कदम उठाया है। रैपोसस फर्नांडीस एसोसिएट्स नामक मार्केटिंग संस्था ही जैयर बोल्सनारो के चुनावी अभियानों की देखभाल कर रही है।

फेसबुक का कड़ा कदम

फेसबुक ने कहा है कि "आरएफए के पीछे के लोगों ने नकली खातों का उपयोग किया और एक ही नाम के साथ कई खातों का उपयोग करके पेज बनाए और फिर उन पृष्ठों का इस्तेमाल चुनावी वेबसाइटों पर लोगों को आकर्षित करने के लिए किया गया। फेसबुक ने जोर देकर कहा कि वे जिस प्रकार की सामग्री पोस्ट कर रहे थे, उसके कारण इन पेजों और खातों को स्पैम माना गया है और स्पैम पोस्ट करने के लिए ऐसे पेज और खाते हटा दिए गए हैं। बता दें कि ब्राजील के एक अख़बार ने 10 दिन पहले बताया था कि आरएफए नामक एक मार्केटिंग एजेंसी ने फेसबुक खातों के जरिए बोल्सनारो के लिए समर्थन का एक बड़ा नेटवर्क बनाया है।

सोशल मीडिया के जरिए चुनाव अभियान

ब्राज़ीलियन समाचार पत्र ने दावा किया कि पिछले एक महीने के दौरान उन पृष्ठों ने 12.6 मिलियन यूजर्स इंटरैक्शन को पैदा किया। यह आंकड़ा अंतरराष्ट्रीय सुपरस्टार फुटबॉलर नेमार के पेज पर हुए इंटरैक्शन से कहीं अधिक है। दो हफ्ते पहले चुनाव के पहले दौर में 46 प्रतिशत वोट के साथ शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद बोल्सनारो हालिया चुनावों में अगुवाई कर रहे हैं। सितंबर की शुरुआत में अपने ऊपर हुए हमले के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हमले के बाद चुनाव अभियान में असमर्थ होने पर बोल्सनारो ने लगभग अपना पूरा राष्ट्रपति चुनाव ऑनलाइन लड़ा है। उनके फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम में 14 मिलियन अनुयायियों की संख्या है जबकि उनके प्रतिद्वंदी हद्दाद के साथ सिर्फ 2.8 मिलियन लोग जुड़े हुए हैं।

बता दें कि पिछले हफ्ते फोला डी एस पाउलो अख़बार ने दावा किया कि बोल्सनारो के पक्ष में लाखों व्हाट्सएप संदेश 7 अक्टूबर के पहले दौर के चुनावों से ठीक पहले भेजे गए थे। यदि यह आरोप सच साबित हुआ, तो ब्राजील के कानून के अनुसार यह अपराध होगा।

Published on: