
नई दिल्ली। वैश्विक उद्यमी सम्मेलन को संबोधित करने आ रही अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप बिना हाई लेवल डेलिगेशन के ही भारत पहुंचेंगी। अमरीका के सेक्रेटरी आॅफ स्टेट रेक्स टिलरसन ने प्रतिनिधिमंडल को इवांका के साथ भेजने से इनकार कर दिया है। बता दें कि भारत के हैदराबाद में अगले सप्ताह वैश्विक उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े देश हिस्सा लेंगे, वहीं इवांका ट्रंप अमरीकी उद्यमी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगी।
टिलरसन ने किया इनकार
अगले सप्ताह भारत पहुंच रही इवांका ट्रंप के साथ ही उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल उद्ययमी सम्मेलन में भाग नहीं लेगा। दरअसल, किसी भी बड़े नेता या अधिकारी के साथ यह प्रतिनिधिमंडल सपोर्टिंग स्टॉप के रूप में भेजा जाता है। अमरीका में इस मसले ने लेकर टिलरसल और वाइट हादस में बहस का रूप ले लिया है। टिलरसन के मुताबिक इवांका अमरीका की कोई डिप्लोमेट या फिर हाई अथॉरिटी नहीं है, जिसके साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को भेजा जाए। इससे डोनाल्ड ट्रंप और टिलरसल के रिश्ते एक बार फिर से खटाई में पड़ते नजर आ सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सम्मेलन में डिप्टी असिस्टेंट सेक्रेटरी से बड़े किसी अधिकारी को हिस्सा लेने की अनुमति नहीं है।
भारत ने की तैयारी
बता दें कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप अगले सप्ताह यहां वैश्विक उद्यमिता सम्मेलन (जीईएस) में हिस्सा लेने के साथ-साथ शहर के इतिहास से भी रूबरू होंगी। 28 नवंबर को इवांका पीएम नरेंद्र मोदी के साथ सम्मेलन को संबोधित करेंगी। वहीं सम्मेलन के अलावा इवांका एतिहासिक शहर हैदराबाद में चारमीनार और फलकनुमा पैलेस जैसे स्थानों का दौरा भी करेंगी। इवांका फलकनुमा में 101 सीटों वाले डाइनिंग टेबल पर पीएम मोदी व अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ डिनर भी करेंगी। वहीं इवांका ने भी भारत आने को लेकर बेहद उत्सुकता की बात कही है।