अमरीका

अमरीका: तूफान फ्लोरेंस ने ली 11 लोगों की जान, उत्तरी कैरोलिना में भारी तबाही

तूफान की वजह से प्रभावित इलाकों में विनाशकारी बाढ़ आ गई है।
2 min read
• •
Updated: 16 Sep 2018, 9:10 AM IST
florence
अमरीका: तूफान फ्लोरेंस ने ली 11 लोगों की जान, उत्तरी कैरोलिना आपदाग्रस्त घोषित

न्यूयार्क। तूफान फ्लोरेंस ने अमरीका में व्यापक तबाही मचाई है। उतरी कैरोलिना और दक्षिणी कैरोलिना राज्यों में फ्लोरेंस की वजह से बहुत अधिक नुकसान हुआ है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उत्तरी कैरोलिना में आपदा की घोषणा की है।फ्लोरेंस तूफान अब तक 11 लोगों की जान ले चुका है। हालांकि फ्लोरेंस की हवाएं अब कमजोर पड़ रही हैं, लेकिन अब भी यह तूफान 72 किमी / घंटा की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। तूफान की वजह से प्रभावित इलाकों में विनाशकारी बाढ़ आ गई है।कुछ शहरों में पहले ही 2 फीट बारिश हुई है। मौसम भविष्यवाणियों में चेतावनी दी गई है कि कुल 3.5 फीट बारिश हो सकती है।

अमरीका हुआ बेहाल

फ्लोरेंस की वजह से अमरीका के कैरोलिनास में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लगभग दस लाख घरों में बिजली नहीं है।उत्तरी कैरोलिना में आठ काउंटी क्षेत्रों के लिए राष्ट्रपति ट्रंप ने आपदा की घोषणा की है। इस इलाके की आपदा से निपटने के लिए संघीय वित्त की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें संपत्ति की मरम्मत के लिए अनुदान और नुकसान को कवर करने के लिए कम लागत वाले ऋण भी शामिल हैं। कैरोलिनास में लगभग 9,700 नेशनल गार्ड सैनिकों और स्वयंसेवी नागरिकों को हेलीकॉप्टर और नौकाओं के साथ तैनात किया गया है। व्हाइट हाउस ने कहा है कि अगले हफ्ते राष्ट्रपति इस क्षेत्र में यात्रा कर सकते हैं। दक्षिण कैरोलिना में भी लगभग 40000 हजार घरों में बिजली नहीं थी।

अब तक 11 मौतें

उत्तरी कैरोलिना में फ्लोरेंस की वजह से अब तक 11 लोगों की जान चली गई है। शुक्रवार को एक पेड़ गिरने पर विलमिंगटन में एक मां और उसके बच्चे की मौत हो गई थी। बिजली के तारों को जोड़ने का प्रयास करते समय लेनोइर काउंटी में 78 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसी काउंटी में 77 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु हो गई जब वह अपने कुत्तों की जांच करते समय हवा में उड़ गया। हम्प्स्टेड शहर में कार्डियक अरेस्ट से एक महिला की मृत्यु हो गई। दक्षिण कैरोलिना में 62 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई जब उसकी कार पर एक पेड़ गिर पड़ा।

बीस हजार से अधिक बेघर

उत्तरी कैरोलिना में 20000 से अधिक लोगों को चर्च, स्कूल और बास्केटबाल स्टेडियम में रखा गया है। न्यू बर्न शहर नदियों में आई भारी बाढ़ के वजह से पूरी तरह डूब गया है। शनिवार तक फ्लोरेंस का केंद्र दक्षिण कैरोलिना के मर्टल बीच के 60 मील पश्चिम में 45 मील प्रति घंटे की अधिकतम गति के साथ मौजूद था। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा कि यह पश्चिम में 2 मील प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। कम से कम 39 मील प्रति घंटे की स्थिर हवाओं के साथ फ्लोरेंस को 150 मील दूर तक महसूस किया जा सकता है। एनओएए के अधिकारी स्टीव गोल्डस्टीन ने कहा कि फ्लोरेंस के वजह से कुछ समय के लिए उत्तर और दक्षिण कैरोलिना के इतिहास की सबसे विनाशकारी बाढ़ का अनुभव करेगा।

लूट की घटनाएं बढ़ीं

विलमिंगटन पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया जो कथित रूप से दुकान लूट रहे थे। न्यू हनोवर काउंटी शेरिफ के कार्यालय के मुताबिक शनिवार की शाम को विलमिंगटन में एक्सक्सन गैस स्टेशन और एक सुविधा स्टोर को कथित रूप से लूटने के बाद एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।

Updated on:
16 Sep 2018, 9:10 AM IST
Published on: