अमरीका

किम जोंग से मिलना चाहते हैं जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे

डोनाल्ड ट्रंप और मून के बाद अब जापानी प्रधानमंत्री उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग से मुलाकात कर सकते हैं।
2 min read
Shinzo Abe-kim jong
किम जोंग से मिलना चाहते हैं जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे

संयुक्त राष्ट्र: जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन के साथ मिलने की इच्छा जताई है। आबे उत्तर कोरिया के साथ नए स्तर पर संबंध शुरू करना और जापानी नागरिकों के अपहरण पर दशकों पुराने विवाद को हल करना चाहते हैं। आबे ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए अपने भाषण में कहा कि वह दोनों राष्ट्रों के बीच के तनाव को दूर करना चाहते हैं। आबे ने कहा कि हालांकि अभी मुलाकात के बारे में फिलहाल कुछ तय नहीं है लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया कि यह एक उच्चस्तरीय बैठक होगी और इसका उद्देश्य अपहरण के मुद्दे को हल करना होगा।

17 जापानी नागरिकों का हुआ था अपहण
उत्तर कोरिया यह स्वीकार कर चुका है कि उसने 1970 से 1980 के बीच 13 जापानी नागरिकों का अपरहण किया था जिनमें से पांच वापस देश लौट आए थे लेकिन टोक्यो का कहना था कि 17 लोगों का अपहरण किया गया था। जापान अपने नागरिकों को उत्तर कोरिया के चंगुल से छुड़ाने के लिए काफी प्रयास पहले भी कर चुका है लेकिन दोनों देशों में गहरे मतभेद की वजह से ऐसा संभव नहीं हो पाया। अब जबकि किम जोंग और ट्रंप की मुलाकात के बाद अमरीका से उसके रिश्ते सुधर रहे हैं तो जापान भी चाहता है कि इस उपयुक्त माहौल को क्यों न भुना लिया जाए। फिलहाल किम जोंग का अभी तक इस पर कोई बयान नहीं आया है।

आक्रामक रहा जापान का रुख

इससे पहले जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे का रूख उत्तर कोरिया को लेकर आक्रामक रहा है। आबे का यह तर्क रहा है कि जब तक उत्तर कोरिया अपने परमाणु कार्यक्रम को बंद करने का पुख्ता सबूत नहीं दे देता तब तक उससे बात नहीं की जा सकती। बता दें कि किम जोंग अमरीका और जापान पर परमाणु हमले की धमकी देते रहे हैं। इसको लेकर उत्तर कोरिया और जापान के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण रहे हैं।

Published on:
26 Sept 2018 03:35 pm