एक गंभीर मामले पर चर्चा करने पहुंचे रैपर वेस्ट ने वहां जिस अंदाज में बात रखी उसकी स्थानीय मीडिया में खूब आलोचना हो रही है।
वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बातें सुर्खियों में आ ही जाती हैं। इस बार वो अपनी एक मीटिंग को लेकर चर्चा में आए हैं। दरअसल मशहूर रैपर काइने वेस्ट और अमरीका के पूर्व फुटबॉलर जिम ब्राउन राष्ट्रपति से मुलाकात करने उनके ओवल ऑफिस पहुंचे थे। एक गंभीर मामले पर चर्चा करने पहुंचे रैपर वेस्ट ने वहां जिस अंदाज में बात रखी उसकी स्थानीय मीडिया में खूब आलोचना हो रही है।
रैपर काइने गालियां देते नजर आए
दोनों वहां अमरीका में अश्वेतों के साथ हो रहे हिंसा के बारे में बात करने पहुंचे थे। हालांकि इस मौके का एक वीडियो सामने आ रहा है जिसमें राष्ट्रपति के सामने अपनी बात रखने हुए रैपर काइने गालियां देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर ट्रंप वहीं बैठे थे, लेकिन उन्होंने रैपर की इस अभद्रता पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वीडियो सामने आने पर अमरीकी मीडिया में इसकी जमकर आलोचना की जा रही है। बता दें कि इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा वाइट हाउस के सलाहकार जेरार्ड कुशनर और राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप भी बैठक में मौजूद थीं।
शिकागो में बढ़ रही हैं अपराध की घटनाएं
गौरतलब है कि अमरीका के शिकागो में अफ्रीकी अमरीकी मूल के लोगों के साथ अपराध की कई घटनाएं सामने आयी हैं। इसी मामले में रैपर काइने वेस्ट ट्रंप से बातचीत करने पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरान शिकागो में रोजगार बढ़ाने और इंडस्ट्री स्थापित करने की भी मांग की। काइने वेस्ट 'मेक अमरीका ग्रेट अगेन' लिखी हुई कैप पहनकर ट्रंप से मिलने पहुंचे थे। इस बारे में उन्होंने कहा कि जब भी वह ये कैप पहनते हैं तो उन्हें सुपरहीरो वाली फीलिंग आती है।