अमरीका

अमरीकी मध्यावधि चुनाव में 2 करोड़ से अधिक लोगों ने पहले ही डाले वोट

चुनाव से पहले ही दो करोड़ से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया है।
2 min read
US mid-term elections
अमरीकी मध्यावधि चुनाव में 2 करोड़ से अधिक लोगों ने पहले ही डाले वोट

वाशिंगटन: अमरीका में मंगलवार को होने जा रहे मध्यावधि चुनाव से पहले ही दो करोड़ से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि चुनाव से पहले मतपत्रों की गणना करने वाली डेटा कंपनी कैटलिस्ट के मुताबिक, ये वोट सात महत्वपूर्ण राज्यों -एरिजोना, फ्लोरिडा, नेवादा, जॉर्जिया, टेक्सास, टेनेसी, मोंटाना- से आ रहे हैं। एरिजोना में क्रिस्टन साइनमा (डेमोक्रेट) और मार्था मैकसैली (रिपब्लिकन) के बीच राज्य की पहली महिला सीनेटर बनने की होड़ है। पिछले सप्ताह जारी एक सर्वे के मुताबिक, मैकसैली से साइनमा छह अंक आगे हैं।

अब तक डेमोक्रेट द्वारा 34 प्रतिशत वोट और रिपब्लिकन द्वारा 43 प्रतिशत वोट दिए गए हैं, जबकि निर्दलीय मतदाताओं में 18 प्रतिशत का योगदान है। जबकि आठ प्रतिशत को 'अज्ञात' के रूप में दर्ज किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लोरिडा में मौजूदा डेमोक्रेट सीनेटर बिल नेल्सन और गवर्नर रिक स्कॉट के बीच सीनेटर पद के लिए दौड़ है। कैटलिस्ट के आंकड़ों से पता चला है कि मंगलवार के मध्यावधि चुनाव से पहले अबतक 30 लाख से अधिक वोट डाले जा चुके हैं। शुरुआती वोटों के आकलन में 40 प्रतिशत डेमोक्रेट द्वारा और 42 प्रतिशत रिपबिल्कन द्वारा वोट डाले गए हैं। एक ताजा सर्वेक्षण में पता चला है कि स्कॉट से नेल्सन महज दो अंकों से आगे हैं। नेवादा में रिपब्लिकन सीनेटर डीन हेलर और डेमोक्रेट के जैकी रोसेन चुनावी मैदान में हैं। सर्वेक्षण में हेलर से रोसेन तीन अंकों से आगे हैं।

नेवादा में अबतक लगभग 290,000 वोट डाले गए हैं। आंकड़ों से पता चला है कि डेमोक्रेट द्वारा लगभग 40 प्रतिशत और रिपब्लिकन द्वारा 38 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं। जॉर्जिया में अबतक करीब 13 लाख वोट डाले गए हैं और सभी की निगाहें डेमोक्रेट स्टेसी अब्राम्स और रिपब्लिकन ब्रायन केम्प के बीच गवर्नर पद को लेकर हो रही दौड़ पर टिकी है। टेक्सास में अबतक 20 लाख से ज्यादा वोट डाले गए हैं। यहां रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रूज और डेमोक्रेट बेटो ओ 'रौर्के' के बीच मुकाबला है। ताजा सर्वेक्षण में क्रूज सात अंकों से आगे हैं। टेनेसी में डेमोक्रेट के गवर्नर फिल ब्रेडसन और रिपब्लिकन की मार्शा ब्लैकबर्न मैदान में हैं। सीएनएन के सर्वेक्षण में ब्रेडसन से ब्लैकबर्न 49 प्रतिशत से लेकर 45 तक आगे हैं। मोंटाना में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन टेस्टर और रिपब्लिकन मैट रोजेंडेल के बीच चुनावी मुकाबला है।

Updated on:
05 Nov 2018 03:56 pm
Published on:
05 Nov 2018 03:56 pm