
वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जॉन बोल्टन ने रविवार को उत्तर कोरिया पर निशाना साधते हुए कहा कि वह परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर वह बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। वह अमरीका के साथ किए समझौते से मुकर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरियाई दुर्भाग्य से वे करने के लिए तैयार नहीं थे जो उन्हें करने की आवश्यकता थी। गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने बीते दिनों अस्वाभाविक बयान जारी कर कहा था कि वे परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण पर वापस जाने के बारे में सोच रहे हैं।
बातचीत के माध्यम से हल निकालें
इस पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि इस खतरे को बातचीत के माध्यम से हल किया जाए। वह चाहते हैं कि उत्तर कोरिया परमाणु हथियारों से मुक्त हो। अमरीका का आरोप है कि उत्तर कोरिया के उप-विदेश मंत्री चोई सोन-हुई ने पिछले दिनों निरस्त्रीकरण पर अपनी गैरजरूरी मांगें सामने रखी हैं। इन मांगों को न मानने पर बातचीत खत्म करने की धमकी दी है। बोलटन ने कहा है कि वह उत्तर कोरिया के साथ शांति से समझौते पर सहमति चाहते हैं। वहीं उत्तर कोरिया के प्रशासक इस मामले की गंभीरता को समझ नहीं रहे हैं। चीन के रवैये को लेकर बोलटन का कहना है कि वह उत्तर कोरिया के निरस्त्रीकरण पर बेहतर भूमिका निभा सकता है। चीन उत्तर कोरिया का प्रमुख सहयोगी रहा है। वह चाहे तो समस्या का हल निकाल सकता है।