
वॉशिंगटन। अमरीका में आंशिक संघीय कामबंदी शटडाउन से यहां पर कर्मचारियों की स्थिति खराब होती जा रही है। हालात यहां तक बिगड़ गए हैं कि दो वक्त के भोजन के लिए लाले पड़ गए हैं। यह पहला मौका होगा जब अमरीका में शटडाउन का असर लाखों कर्मचारियों पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों की माने तो इस तरह से अमरीका की छवि दुनिया में खराब हो रही हैं। दरअसल, कर्मचारियों को खाना मुहैया कराने वाली स्पेन की कंपनी ज्यादातर आपालकालीन सेवाओं में आगे आती हैं, मगर अमरीका के हालात इतने बदतर हो रहे हैं कि उसे आगे आना पड़ा। गौरतलब है कि स्पेन के मशहूर शेफ जोस एंद्रेस का वर्ल्ड सेंट्रल किचन अमरीका के कर्मियों को भोजन मुहैया कर रहा है। एंद्रेस का यह किचन 2010 में हैती में आए भूकंप के बाद और प्यूटरे रिको में 2017 में तूफान मारिया से प्रभावित लोगों को भोजन मुहैया करा चुका है। गौरतलब है कि बुधवार को अमरीका कामबंदी का 26वां दिन है।
कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा
मिशेलिन स्टार शेफ के अनुसार वह सरकारी कामबंदी को एक अन्य तरह का आपातकाल मानते हैं। दीवार निर्माण को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कांग्रेस के बीच गतिरोध के बाद से लगभग आठ लाख संघीय कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है। ऐसे में गतिरोध खत्म करने के लिए व्हाइट हाउस अब सांसदों से सीधी बातचीत करने की कोशिश में लगा हुआ है, लेकिन मुद्दा अभी भी वही है,राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमरीका-मेक्सिको सीमा पर दीवार बनाने के लिए धन देने की अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। वह कई सप्ताह से जारी आंशिक सरकार बंदी को लंबे वक्त तक चलने देना चाहते हैं।
पैसे की मांग को अप्रभावी और अनैतिक बताया
गौरतलब है कि राष्ट्रपति बंद के 25वें दिन भी दीवार के लिए 5.7 अरब डॉलर की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं डेमोक्रेट्स का कहना है कि सरकार का कामकाज पूरी तरह से बहाल होने पर पार्टी सीमा सुरक्षा पर चर्चा करेगी। लेकिन दीवार के लिए पैसे की मांग को अप्रभावी और अनैतिक बताकर उसे खारिज कर रही हैं। ट्रंप ने समर्थकों के साथ एक कॉन्फ्रेंस कॉल पर अपनी जिद से पीछे हटने के कोई संकेत नहीं दिए। वहीं प्रशासन को उम्मीद है कि वह अगले सप्ताह मंगलवार को अंतिम तारीख से पहले इस गतिरोध का हल निकाल लेंगे।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर.